.बस्तर | जिले के बस्तर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम झारतराई में शुक्रवार शाम आकाशीय बिजली गिरने से एक स्कूली छात्र की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई है। मिली जानकारी के अनुसार, मृतक छात्र की पहचान सिद्धार्थ बघेल के रूप में हुई है, जो लामकेर स्थित हायर सेकेंडरी स्कूल में कक्षा 11वीं का छात्र था। शुक्रवार शाम अचानक मौसम ने करवट ली और हल्की बारिश के साथ तेज गरज-चमक शुरू हो गई। इसी दौरान सिद्धार्थ अपने साथियों के साथ घर से कुछ दूरी पर खेत की ओर मवेशी चराने गया हुआ था।

बताया जा रहा है कि अचानक तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिरी, जिसकी चपेट में आकर सिद्धार्थ गंभीर रूप से झुलस गया। बिजली उसके चेहरे और कंधे पर गिरने से वह मौके पर ही अचेत होकर गिर पड़ा और उसकी मृत्यु हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे, जहां बेटे की हालत देखकर परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर बस्तर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए बस्तर मर्चुरी भेज दिया गया।
इस दुखद घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है।
