सफलता कि कहानी
प्रधानमंत्री आवास योजना–ग्रामीण से साकार हुआ सपना
दैनिक मूक पत्रिका बेमेतरा– जिले के जनपद पंचायत साजा अंतर्गत ग्राम पंचायत केंवतरा निवासी चेतन साहू के लिए पीएम आवास योजना जीवन की सबसे बड़ी खुशियों में से एक बन गया, जब प्रधानमंत्री आवास योजना–ग्रामीण के अंतर्गत उनका पक्का आवास पूर्ण हुआ। यह केवल एक मकान नहीं, बल्कि वर्षों के संघर्ष, पीड़ा और असुरक्षा के बाद मिला सम्मानजनक जीवन का आधार है। चेतन साहू (उम्र लगभग 38 वर्ष) एक गरीब मजदूर परिवार से संबंध रखते हैं। वे अन्य पिछड़ा वर्ग से हैं और एक एकल विकलांग हितग्राही के रूप में जीवन यापन कर रहे थे। इससे पहले उनके पास रहने के लिए कोई सुरक्षित और पक्का मकान नहीं था। वे अपने परिवार के साथ टूटी-फूटी घास–फूस से बने कच्चे मकान में रहने को मजबूर थे, जहां हर दिन एक नई चुनौती लेकर आता था। बरसात के दिनों में घर की छत से पानी टपकता था, दीवारें कमजोर थीं और जहरीले जीव-जंतुओं का डर हमेशा बना रहता था। कई बार रातें जागते हुए बीत जाती थीं। परिवार की सुरक्षा, बच्चों का भविष्य और सम्मानजनक जीवन — ये सब उनके लिए केवल एक सपना ही था। चेतन साहू अक्सर सोचते थे, “क्या कभी मेरे परिवार के पास भी एक पक्का और सुरक्षित घर होगा?”
प्रधानमंत्री आवास योजना–ग्रामीण ने उनके इसी सपने को साकार किया। ग्राम सभा में पात्रता के बाद उनका नाम योजना में शामिल हुआ। इसके पश्चात प्रशासन, पंचायत प्रतिनिधियों, सहायक विकास विस्तार अधिकारी, सचिव, आवास मित्र एवं रोजगार सहायक के सहयोग से निर्माण कार्य प्रारंभ हुआ और निर्धारित अवधि में उनका स्वप्नों का पक्का घर बनकर तैयार हुआ। आज चेतन साहू का परिवार अपने नए पक्के आवास में सुरक्षित, सुकून और सम्मान के साथ जीवन व्यतीत कर रहा है। अब उन्हें न तो बारिश में रात भर जागने की चिंता है, न ही जहरीले जीवों का भय। उनका कहना है कि यह मकान उनके लिए सिर्फ चार दीवारें नहीं, बल्कि एक नई जिंदगी की शुरुआत है।
चेतन साहू ने शासन-प्रशासन और प्रधानमंत्री आवास योजना–ग्रामीण के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह योजना वास्तव में गरीबों और जरूरतमंदों के जीवन में आशा की किरण बनकर आई है। उन्होंने ग्राम पंचायत और जिला प्रशासन का भी धन्यवाद किया, जिनके सहयोग से उनका सपना पूरा हो सका। प्रधानमंत्री आवास योजना–ग्रामीण आज बेमेतरा जिले में सैकड़ों जरूरतमंद परिवारों के जीवन में बदलाव ला रही है। चेतन साहू की यह कहानी न केवल योजना की सफलता को दर्शाती है, बल्कि यह भी साबित करती है कि सरकारी योजनाएं जब ज़मीनी स्तर पर सही तरीके से लागू होती हैं, तो वे गरीबों के सपनों को हकीकत में बदल देती हैं।
यह कहानी उन सभी के लिए प्रेरणा है, जो कठिन परिस्थितियों में भी सपने देखना नहीं छोड़ते — क्योंकि सच ही कहा गया है, “भविष्य उन्हीं का होता है, जो अपने सपनों की सुंदरता में विश्वास रखते हैं।”
