गुणवत्ता और समयबद्धता पर दिया जोर, शीघ्र जल प्रदाय के निर्देश
दैनिक मूक पत्रिका मुंगेली – लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग बिलासपुर परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता संजय सिंह ने मुंगेली जिले के प्रवास के दौरान जल जीवन मिशन के अंतर्गत चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण एवं समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण किए जाएं, ताकि प्रत्येक घर तक शुद्ध पेयजल की आपूर्ति समय पर सुनिश्चित हो सके।
मुख्य अभियंता सिंह ने लोरमी विकासखंड के ग्राम खुड़िया में निर्माणाधीन वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट, जेड बी आर, एम बी आर तथा फिल्टर बेड का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने निर्माण की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों के पालन पर विशेष जोर देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इसके पश्चात उन्होंने मुंगेली विकासखंड के ग्राम छाता में निर्माणाधीन जेडबीआर का निरीक्षण किया और स्थल पर उपस्थित अधिकारियों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की। सिंह ने कहा कि जल जीवन मिशन के तहत राज्य शासन का उद्देश्य “हर घर नल से जल” उपलब्ध कराना है, इसलिए किसी भी स्तर पर विलंब या गुणवत्ता में समझौता स्वीकार्य नहीं होगा।
निरीक्षण उपरांत मुख्य अभियंता सिंह ने खंड कार्यालय में समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में विकासखंडवार लंबित कार्यों की समीक्षा की गई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण किया जाए, ताकि आमजन को शीघ्र पेयजल सुविधा मिल सके। उन्होंने यह भी कहा कि कार्यों की सतत मॉनिटरिंग एवं स्थल निरीक्षण के माध्यम से गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए।
इस अवसर पर लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन अभियंता कुंदन राणा, एसडीओ सुधाकर सोनकुशरे (पथरिया), एसडीओ आशीष मिश्रा (मुंगेली) सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
