कलेक्टर के नाम एसडीएम को सौंपा ज्ञापन, पूर्ववत 30 अंक बहाल करने की मांग
दैनिक मूक पत्रिका बीजापुर – जिले में सचिव भर्ती विज्ञापन 2025 में अनुभव अंकों में की गई कटौती को लेकर रोजगार सहायक संघ ने आपत्ति जताई है। इस मुद्दे पर संघ के प्रतिनिधियों ने कलेक्टर के नाम ज्ञापन एसडीएम जागेश्वर कौशल को सौंपा और निर्णय को कर्मचारियों के साथ अन्याय बताया। संघ ने कहा कि पहले रोजगार सहायकों को अनुभव के आधार पर 30 अंक मिलते थे, लेकिन नए विज्ञापन में यह घटाकर केवल 5 अंक कर दिया गया है। प्रतिनिधियों का कहना है कि इतनी बड़ी कमी से उनकी वर्षों की सेवा का सही मूल्यांकन नहीं हो पाएगा। जिलाध्यक्ष सुशील दुर्गम ने बताया कि रोजगार सहायक लंबे समय से पंचायत और ग्रामीण विकास विभाग की योजनाओं को लागू करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उनका कहना है कि अनुभव अंक कम होने से न सिर्फ मनोबल गिरता है बल्कि मेहनत और सेवा अवधि का प्रभाव भी कम हो जाता है। संघ ने मांग की कि अनुभव अंक पूर्ववत 30 ही रखे जाएं ताकि योग्य कर्मचारियों के साथ न्याय हो सके।
