85वीं बटालियन ने बच्चों को ड्रेस-पुस्तकें, ग्रामीणों को साइकिल व घरेलू सामग्री दी, 180 से अधिक लोगों ने लिया लाभ
बीजापुर । नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा बलों और ग्रामीणों के बीच भरोसा बढ़ाने की दिशा में 85वीं बटालियन सीआरपीएफ ने ग्राम मुड़वेण्डी में सिविक एक्शन कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में आसपास के गांवों के करीब 180 से अधिक ग्रामीणों ने हिस्सा लिया और विभिन्न आवश्यक सामग्रियों का लाभ उठाया।
जनपद बीजापुर ब्लॉक के अतिसंवेदनशील क्षेत्र में तैनात 85वीं बटालियन द्वारा द्वितीय कमान अधिकारी पवन कुमार के मार्गदर्शन में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। ए/85 कंपनी के तैनाती क्षेत्र मुड़वेण्डी में सहायक कमांडेंट थॉकचॉम उमाकांत मेती के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में ग्रामीणों को दैनिक उपयोग की कई आवश्यक वस्तुएं वितरित की गईं।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों को स्कूल ड्रेस, पाठ्य पुस्तकें, स्कूल बैग, जूते, खेल सामग्री और अन्य लेखन सामग्री प्रदान की गई। वहीं जरूरतमंद ग्रामीणों को साइकिल, साड़ी, पानी की टंकी और कृषि कार्य में उपयोग होने वाली सामग्रियों सहित घरेलू उपयोग की वस्तुएं वितरित की गईं।

इस आयोजन में ग्राम मुड़वेण्डी के अलावा चिनपारा, नयापारा, पटेलपारा और सुडुमेटा के ग्रामीण भी बड़ी संख्या में पहुंचे। कार्यक्रम में ग्रामीणों के लिए जलपान की भी व्यवस्था की गई थी।
सहायक कमांडेंट थॉकचॉम उमाकांत मेती ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों से सुरक्षा बलों और स्थानीय लोगों के बीच विश्वास मजबूत होता है। उन्होंने बताया कि सिविक एक्शन कार्यक्रमों के जरिए ग्रामीणों की समस्याओं को समझने और विकास कार्यों में उनकी भागीदारी बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम में सीआरपीएफ के अधिकारी, जवान और क्षेत्र के कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने सुरक्षा बलों की इस पहल की सराहना करते हुए इसे क्षेत्र के लिए उपयोगी बताया।
