मूक पत्रिका नई दिल्ली। हमारे देश में खाने के साथ अचार खूब खाया जाता है। अचार न सिर्फ खाने का स्वाद बढ़ाता है, बल्कि सेहत के लिए भी फायदेमंद माना जाता है। पहले के जमाने में घरों में आम, नींबू, आंवला, गाजर समेत कई चीजों का अचार खूब डाला जाता है। हालांकि अब अधिकतर लोग बाजार में मिलने वाला अचार लेते हैं और उसे खाते हैं। कई लोगों के मन में सवाल होता है कि अचार खाना सेहत के लिए फायदेमंद होता है या नुकसानदायक? अगर आप भी अचार खाने के शौकीन हैं, तो इसके फायदे और नुकसान जानना बेहद जरूरी है। इस बारे में एक्सपर्ट की राय जान लेते हैं।
डाइटिशियन रंजना सिंह ने बताया कि अचार आमतौर पर सब्जियों या फलों से बनाया जाता है। इनमें विटामिन, मिनरल्स और एंटीऑक्सीडेंट्स पाए जाते हैं। सही तरीके से बनाया गया अचार पाचन तंत्र को बेहतर करने में मदद कर सकता है। खासतौर पर फर्मेंटेड अचार में अच्छे बैक्टीरिया होते हैं, जो आंतों की सेहत को सुधारते हैं। इसके अलावा मसालों में मौजूद हल्दी, मेथी और सरसों जैसी चीजें सूजन कम करने और इम्यूनिटी बढ़ाने में सहायक होती हैं। अचार का खट्टा-तीखा स्वाद लार और डायजेस्टिव जूस ज्यादा रिलीज करता है। इससे खाना आसानी से पचता है। जिन लोगों को भूख कम लगती है या हल्की पाचन समस्या रहती है, उनके लिए अचार फायदेमंद हो सकता है।
ज्यादा अचार खाने के नुकसान जान लीजिए
डाइटिशियन ने बताया कि अगर अचार को कम मात्रा में खाया जाए, तो यह फायदेमंद होता है। ज्यादा मात्रा में अचार खाना सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकता है। अचार में नमक और तेल की मात्रा अधिक होती है, जो हाई ब्लड प्रेशर और हार्ट डिजीज का कारण बन सकते हैं। ज्यादा नमक किडनी पर भी दबाव डालता है और शरीर में पानी की कमी या सूजन की समस्या पैदा कर सकता है। इसके अलावा बहुत अधिक मसालेदार अचार पेट में जलन और एसिडिटी बढ़ा सकता है। हाई ब्लड प्रेशर, डायबिटीज, किडनी की समस्या या पेट से जुड़ी बीमारियों से पीड़ित लोगों को अचार का सेवन बेहद सीमित मात्रा में करना चाहिए। गर्भवती महिलाओं और बुजुर्गों को भी अधिक नमक और मसाले वाले अचार से बचना चाहिए।
बाजार के अचार का सेवन नुकसानदायक
एक्सपर्ट रंजना सिंह ने बताया कि घर का बना अचार सेहत के लिए फायदेमंद होता है, क्योंकि इसमें केमिकल्स नहीं मिलाए जाते हैं। आमतौर पर बाजार में मिलने वाले अचार सेहत के लिए नुकसानदायक माने जाते हैं। बाजार में मिलने वाले अचारों में प्रिजर्वेटिव्स, फूड कलर्स और ज्यादा तेल व नमक होता है, जो सेहत के लिए नुकसानदेह है। अगर आप बाजार का अचार खरीदते हैं, तो अच्छी क्वालिटी का खरीदें और कम से कम सेवन करें। अगर अचार घर पर साफ-सफाई और कम मसालों के साथ बनाया गया हो, तो यह स्वाद के साथ सेहत के लिए भी फायदेमंद है। अगर आप अचार के शौकीन हैं, तो संयम बरतें और सेहत के साथ समझदारी से इसका आनंद लें।
