दैनिक मूक पत्रिका बीजापुर – अबूझमाड़ से लगे कोसलनार क्षेत्र के ग्रामीणों की समस्याएं जानने बीते शनिवार को विधायक विक्रम मंडावी गांव पहुंचे। यह पहली बार है जब आजादी के बाद किसी विधायक ने इस अति दुर्गम इलाके का दौरा किया। उनके पहुंचने पर ग्रामीणों ने अपनी वर्षों पुरानी मुश्किलें सामने रखीं। बड़ेकरका, कोसलनार-1, कोसलनार-2 और मंगनार पंचायत के कुरसिंगबाहर गांव के लोगों ने विधायक को बताया कि गांवों को जोड़ने वाली करीब 12 किलोमीटर सड़क कभी बनी ही नहीं। अस्पताल, स्कूल और बाजार जाने में भारी दिक्कतें होती थीं। कई बार कलेक्टर से लेकर जनप्रतिनिधियों तक गुहार लगाई गई मगर समस्या जस की तस रही।

आखिर ग्रामीणों ने खुद ही समाधान निकाला। सैकड़ों लोगों ने मिलकर श्रमदान किया और बिना किसी सरकारी मदद के मिट्टी और मुरुम की 12 किलोमीटर सड़क तैयार कर दी। इस प्रयास से अब आवागमन आसान हो गया है।
ग्रामीणों ने विधायक से सड़क को सीमेंटेड या डामर सड़क के रूप में जल्द स्वीकृत कराने की मांग की। साथ ही बिजली, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, पूर्ण शाला, सामुदायिक भवन और हैंडपंप जैसी सुविधाओं की जरूरत भी बताई।
श्रमदान से बनी सड़क और ग्रामीणों की लगन देखकर विधायक विक्रम मंडावी भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों ने कठिन परिस्थितियों में जो उदाहरण पेश किया है, वह प्रेरणादायक है। उन्होंने आश्वासन दिया कि सभी मांगों पर प्राथमिकता से कार्रवाई की जाएगी और जल्द आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
इन गांवों का क्षेत्र दंतेवाड़ा सीमा के पास बारसूर इलाके से जुड़ा है और लंबे समय तक नक्सल प्रभावित रहा है। नक्सली गतिविधियों में कमी आने के बाद भी विकास का ध्यान इस ओर नहीं जा पाया था। अब ग्रामीणों द्वारा बनाई गई सड़क की चर्चा पूरे इलाके में हो रही है।
