बीजापुर। मिनी स्टेडियम में आयोजित मुख्यमंत्री कन्या विवाह कार्यक्रम में प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर सवाल उठने लगे हैं। कार्यक्रम के दौरान जहां जनप्रतिनिधियों की उपेक्षा को लेकर नाराजगी सामने आई, वहीं तेज धूप और पानी की कथित कमी के बीच एक वर के बेहोश होने से अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के मुताबिक कार्यक्रम में पहुंचे सांसद प्रतिनिधि जीलाराम राना का स्वागत नहीं किए जाने से वे नाराज होकर बीच कार्यक्रम से ही लौट गए। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि कुछ जनप्रतिनिधियों का न तो विधिवत स्वागत हुआ और न ही मंच से परिचय कराया गया, जिससे असंतोष की स्थिति बन गई।

सांसद प्रतिनिधि के साथ भाजपा कार्यकर्ता पूजा पोंदी, माया झाड़ी और सुगंती चालकी भी कार्यक्रम से बाहर आ गईं। भाजपा महिला मोर्चा की उपाध्यक्ष पूजा पोंदी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर इसे बड़ी लापरवाही बताया। उनका कहना है कि सार्वजनिक आयोजनों में जनप्रतिनिधियों की अनदेखी से कार्यक्रम की गरिमा प्रभावित होती है।
इधर, कार्यक्रम के बीच तेज धूप और पानी की अव्यवस्था के चलते एक वर अचानक बेहोश हो गया। युवक के गिरते ही आयोजन स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। मौजूद लोगों ने तुरंत उसे कार में जिला अस्पताल बीजापुर पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है।

हालांकि इस पूरे मामले पर प्रशासन या महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन घटना के बाद शहर में इसकी चर्चा तेज हो गई है।
