हथियार मरम्मत उपकरण, बीजीएल निर्माण सामग्री और दो प्रेशर IED भी बरामद
दैनिक मूक पत्रिका बीजापुर – जिले में माओवादियों के खिलाफ चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। थाना उसूर क्षेत्रांतर्गत कर्रेगुट्टा हिल्स के डोलीगुट्टा चोटी एवं ताड़पाला घाटी क्षेत्र के जंगलों में की गई संयुक्त सर्चिंग कार्रवाई के दौरान माओवादियों द्वारा जमीन खोदकर छुपाए गए हथियारों, विस्फोटक सामग्री और मरम्मत उपकरणों का बड़ा डम्प बरामद किया गया है। जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय से मंगलवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, इस संयुक्त अभियान में जिला बल, कोबरा-204 और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) 196 की टीमें शामिल रहीं। तलाशी के दौरान माओवादियों द्वारा लगाए गए दो नग प्रेशर चालित आईईडी बरामद किए गए, जिन्हें कोबरा-204 की बम निरोधक दस्ते ने मौके पर ही सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर दिया।
सुरक्षा बलों को मौके से भारी मात्रा में हथियार मरम्मत करने के उपकरण, बीजीएल सेल निर्माण से जुड़ी सामग्री और अन्य विस्फोटक सामग्री बरामद हुई है। बरामद सामग्री में हैंड फ्लाई प्रेस, बड़ी, मध्यम और छोटी बीजीएल सेल, बीजीएल टेल, स्टील प्लेट, स्क्रू ड्राइवर, हैक्सा ब्लेड, प्लायर सहित हथियार मरम्मत में उपयोग होने वाले कई भारी उपकरण शामिल हैं। सुरक्षा बलों की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से माओवादियों की किसी बड़ी साजिश को समय रहते विफल कर दिया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह बरामदगी क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बहाल करने की दिशा में एक अहम कदम है। इलाके में माओवादियों के खिलाफ सर्च अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
