दैनिक मूक पत्रिका बीजापुर – जिले के नक्सल प्रभावित और सुदूरवर्ती ग्राम कांडलापर्ती थाना भोपालपटनम में 18 अक्टूबर को नवीन सुरक्षा एवं जन-सुविधा कैम्प की स्थापना की गई। यह कदम छत्तीसगढ़ शासन की नियद नेल्लानार योजना के तहत उठाया गया है, जिसका उद्देश्य ग्रामीणों को सुरक्षा के साथ-साथ स्वास्थ्य, शिक्षा, बिजली, पेयजल और सड़क जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
प्राकृतिक चुनौतियों के बीच साहसिक पहल
दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों और विपरीत मौसम के बावजूद सुरक्षा बलों ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए कैम्प की स्थापना पूरी की। यह कदम न केवल सुरक्षा की दृष्टि से अहम है, बल्कि क्षेत्रीय विकास की रफ्तार को भी गति देगा।
अंतर्राज्यीय सम्पर्क का विस्तार
कांडलापर्ती कैम्प भोपालपटनम् से फरसेगढ़, सेण्ड्रा और गढ़चिरौली को जोड़ने वाले मार्ग पर रणनीतिक रूप से स्थापित किया गया है। इससे अंतर्राज्यीय सम्पर्क मजबूत होगा और नेशनल पार्क क्षेत्र के ग्रामों को सड़क एवं जनसुविधाओं से जोड़ने का मार्ग प्रशस्त होगा।
सुरक्षा और विकास का समन्वय
कैम्प की स्थापना से आसपास के ग्रामीण इलाकों में सुरक्षा का वातावरण मजबूत होगा। अब ग्रामीणों को स्वास्थ्य, शिक्षा, पीडीएस दुकानें, मोबाइल नेटवर्क, सड़क और पुल-पुलिया जैसी सुविधाएं सुलभ होंगी। इससे माओवादी गतिविधियों पर भी प्रभावी नियंत्रण संभव होगा।
नक्सल उन्मूलन में उल्लेखनीय उपलब्धियाँ
वर्ष 2024 से अब तक बीजापुर जिले में 19 सुरक्षा कैम्प स्थापित किए जा चुके हैं। इन अभियानों के दौरान 599 माओवादी आत्मसमर्पण, 196 माओवादी मुठभेड़ों में मारे गए, और 982 गिरफ्तारियां हुई हैं। बस्तर संभाग में 210 माओवादियों ने हथियार डालकर मुख्यधारा अपनाई है, जो नक्सल विरोधी अभियान की बड़ी रणनीतिक सफलता है।
प्रशासनिक नेतृत्व और सहयोग
इस कैम्प की स्थापना में बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सुन्दरराज पी., केरिपु ऑप्स सेक्टर रायपुर के शालिन, रेंज दंतेवाड़ा के कमलोचन कश्यप, बीजापुर रेंज के बी.एस. नेगी, बीजापुर के पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेन्द्र कुमार यादव, केरिपु 22वीं और 214वीं बटालियन के कमांडेंट मोहित कुमार और के.डी. जोशी, कोबरा 210 और 206 बटालियन के कमांडेंट अशोक कुमार और पुष्पेन्द्र कुमार, तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रविन्द्र कुमार मीणा, अमन कुमार झा, संजय ध्रुव, उप पुलिस अधीक्षक मनोज तिर्की, अनुविभागीय अधिकारी घनश्याम कामड़े और डीसी ऑप्स कुलदीप सिंह की उपस्थिति और सहयोग रहा।
विकास की नई दिशा
वर्ष 2023-24 और 2024-25 में अब तक जिले में 41 नवीन सुरक्षा कैम्प स्थापित किए जा चुके हैं। इन क्षेत्रों में सड़क, बिजली, पानी, स्वास्थ्य, शिक्षा, मोबाइल टावर और आंगनबाड़ी जैसी जन-सुविधाओं का तेजी से विस्तार हुआ है। ग्रामीणों में अब विकास को लेकर नया विश्वास और उत्साह दिखाई दे रहा है।
