मूक पत्रिका – केंद्रीय जांच एजेंसी प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा कोलकाता में IPAC प्रमुख प्रतीक जैन के आवास और कार्यालय पर छापेमारी किए जाने से पश्चिम बंगाल की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। इस बीच मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के स्वयं प्रतीक जैन के घर पहुंचने से मामला और अधिक संवेदनशील हो गया है।
सूत्रों के अनुसार, ईडी कथित वित्तीय अनियमितताओं के एक मामले में यह कार्रवाई कर रही है। जांच टीम एक साथ प्रतीक जैन के आवास और कार्यालय में दस्तावेजों की जांच के साथ अन्य कानूनी प्रक्रियाएं पूरी कर रही है। छापेमारी के दौरान मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का मौके पर पहुंचना राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, मुख्यमंत्री सीधे उस स्थान पर पहुंचीं जहां ईडी की टीम जांच कर रही थी। उनके पहुंचते ही माहौल और अधिक तनावपूर्ण हो गया। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह कदम केंद्रीय एजेंसियों की कार्रवाई के विरोध के रूप में देखा जा रहा है। इससे पहले भी पश्चिम बंगाल में केंद्रीय एजेंसियों की कार्रवाई को लेकर राज्य सरकार और केंद्र के बीच टकराव की स्थिति बनती रही है।
ईडी की छापेमारी पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कड़ा विरोध जताया। उन्होंने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि ईडी उनकी पार्टी के आईटी सेक्टर कार्यालय से दस्तावेज लेने पहुंची। उन्होंने इस कार्रवाई को राजनीतिक द्वेष बताते हुए कहा कि, सब केंद्र सरकार की स्क्रिप्ट के तहत किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि पार्टी के दस्तावेजों को बिना पर्याप्त सुरक्षा के जब्त किया गया और कुछ मामलों में नाम हटाए जा रहे हैं। उन्होंने विशेष रूप से SIR मामले का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि दस्तावेजों के साथ छेड़छाड़ की जा रही है और संवेदनशील जानकारी का दुरुपयोग हो सकता है।
ममता बनर्जी ने कहा कि उन्हें इस तरह की कार्रवाई की पहले से जानकारी थी, इसलिए पार्टी से जुड़ी सभी हार्ड डिस्क और आवश्यक डेटा पहले ही सुरक्षित कर लिया गया था, ताकि पार्टी के आंतरिक कामकाज और रणनीति को नुकसान न पहुंचे। उन्होंने बताया कि उनका आईटी कार्यालय पहले भी निशाने पर रहा है और वे स्वयं वहां जाकर स्थिति की समीक्षा करेंगी।
मुख्यमंत्री ने केंद्र की जांच एजेंसियों पर विपक्षी दलों को डराने और कमजोर करने का आरोप लगाया और कहा कि उनकी पार्टी इस कथित राजनीतिक साजिश के खिलाफ कानूनी और राजनीतिक दोनों स्तरों पर संघर्ष जारी रखेगी।
इधर, ईडी की कार्रवाई के विरोध में कोलकाता में माहौल गर्म है। टीएमसी के आईटी कार्यालय IPAC से फाइलों को एक वाहन में रखा गया है। जिस कार में फाइलें रखी गई हैं, उसका नंबर WB-06-5555 बताया जा रहा है। मुख्यमंत्री कार्यालय के अधिकारी वाहन के आसपास मौजूद हैं और स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
