बीजापुर। जिले के आश्रित गांव जांगला में गुज्जा देव समिति द्वारा आयोजित परिचर्चा सम्मेलन में भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा छत्तीसगढ़ के प्रदेश मंत्री और सांसद प्रतिनिधि जिलाराम राना शामिल हुए। इस सम्मेलन में आगामी पोटेनार ग्राम में होने वाले भव्य गुज्जा देव मेले को लेकर विभिन्न विषयों पर बिंदुवार चर्चा हुई। सांसद प्रतिनिधि राना ने कहा कि मेले की तैयारियों में सभी समुदायों और गणमान्य नागरिकों की भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने सभी साथियों से मेला सफल बनाने के लिए सशक्त और एकजुट होकर प्रयास करने की अपील की। उन्होंने यह भी कहा कि गुज्जा देव मेला बीजापुर के भव्य मेलों में गिना जाता है।

जिले के विभिन्न हिस्सों से लोग गुज्जा देव से मन्नत मांगने और आशीर्वाद लेने आते हैं। मेले में पारंपरिक वेषभूषा और नृत्य का आयोजन होता है, जो सदियों से चली आ रही बस्तर संस्कृति की झलक प्रस्तुत करता है। राना ने कहा कि हमें अपनी संस्कृति, परंपरा और पूजा पद्धतियों को बनाए रखना और आने वाली पीढ़ियों तक पहुँचाना चाहिए।

उक्त बैठक में 30 से अधिक ग्रामों के पटेल, कोटवार और वड्डे, गयता, पेरमा के प्रतिनिधि शामिल हुए। भाजपा नेता राना ने समाज के बुद्धिजीवी, प्रमुख और गुज्जा देव समिति के सदस्यों से शिष्टाचार मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना। बैठक में विशेष रूप से पूर्व सरपंच चैतु राम लेकाम भी उपस्थित रहे। इस प्रकार, मेला सफल और व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के लिए तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया।
