दैनिक मूक पत्रिका रायगढ़। धरमजयगढ़ वनमंडल अंतर्गत बोरो रेंज के लौटान ग्राम में गुरुवार देर शाम हाथी के हमले में एक अधेड़ ग्रामीण की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान लोकनाथ यादव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि लोकनाथ यादव मवेशी चराकर वापस अपने घर लौट रहे थे, इसी दौरान जंगल क्षेत्र में उनका सामना अचानक एक जंगली हाथी से हो गया।
जानकारी के अनुसार हाथी एकल एवं नर था, जो लंबे समय से आसपास के इलाकों में विचरण कर रहा है। आमना-सामना होते ही हाथी ने ग्रामीण पर हमला कर दिया और पैरों तले रौंदकर मौके पर ही उसकी जान ले ली। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी और भय का माहौल बन गया। क्षेत्र के सरपंच एवं मृतक के परिजनों ने बताया कि वन विभाग द्वारा हाथी की मौजूदगी को लेकर पूर्व में सूचना दी गई थी, लेकिन आजीविका की मजबूरी के चलते लोकनाथ यादव मवेशी चराने जंगल की ओर गए थे। दुर्भाग्यवश इसी दौरान यह हादसा घटित हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग का अमला एवं कापू पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू की गई। वन विभाग द्वारा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और ग्रामीणों को सतर्क रहने की अपील की जा रही है। वन अमले के अनुसार हमलावर हाथी अभी भी आसपास के जंगल क्षेत्र में सक्रिय है। ऐसे में एहतियात के तौर पर ग्रामीणों को जंगल की ओर अकेले न जाने, रात के समय आवाजाही से बचने तथा विभाग द्वारा दी जा रही सूचनाओं का पालन करने की सलाह दी जा रही है। लगातार हाथियों की आवाजाही से क्षेत्र के लोगों में दहशत बनी हुई है।
