दैनिक मूक पत्रिका कोंटा – नगर पंचायत अध्यक्ष मौसम जया के नेतृत्व में कोंटा क्षेत्र के जनप्रतिनिधि बीते मंगलवार को अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने राज्य सरकार द्वारा लागू पांच डिसमिल के नियम को क्षेत्रीय परिस्थिति के प्रतिकूल बताते हुए मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम सुभाष शुक्ला को ज्ञापन सौंपा।
अध्यक्ष मौसम जया ने बताया कि पांच डिसमिल मानक के कारण बड़ी संख्या में ऐसे पात्र परिवार प्रभावित हो रहे हैं, जो प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ पाने की योग्यता रखते हैं, लेकिन भूमि मानक के कारण वंचित किए जा रहे हैं।
इसके साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना में हो रही अनियमितताओं का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि कई वास्तविक हितग्राहियों को अब तक लाभ नहीं मिल पा रहा है, जबकि पात्रता सूची में गड़बड़ी देखने को मिल रही है। इस संबंध में भी उन्होंने अनुविभागीय अधिकारी राजस्व को अलग से ज्ञापन सौंपकर जांच और सुधार की मांग रखी।
इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष मौसम मंगम्मा, नगर पंचायत पार्षद देवी, छात्र नेता नामीर अली, एवं सोयम पवन सहित कई प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
