28 से 30 नवंबर नवा रायपुर में होगा आयोजन
दैनिक मूक पत्रिका रायपुर। रायपुर में होने वाली डीजीपी-आईजी कॉन्फ्रेंस की तैयारियों को लेकर पुलिस अधिकारियों की मीटिंग सिविल लाइन के सी-4 बिल्डिंग में जारी है। बैठक में रायपुर संभाग के सभी पुलिस अधीक्षक (एसपी) और अलग-अलग संभागों के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) शामिल हुए हैं।
इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था, कानून-व्यवस्था की स्थिति और कॉन्फ्रेंस से जुड़ी तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की जा रही है। बैठक में पुलिस के सीनियर अधिकारी भी मौजूद हैं, जो कॉन्फ्रेंस से पहले होने वाली व्यवस्थाओं की समीक्षा कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि बैठक में आगामी पुलिस कॉन्फ्रेंस को लेकर कई अहम दिशा-निर्देश जारी किए जा सकते हैं।
दरअसल छत्तीसगढ़ में पहली बार देशभर के पुलिस महानिदेशक (DGP) और महानिरीक्षक (IG) का सबसे बड़ा मंच होस्ट होने जा रहा है। 28 से 30 नवंबर तक नवा रायपुर स्थित IIM परिसर में 60वां अखिल भारतीय DGP-IGP सम्मेलन होगा।
तीन दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में आंतरिक सुरक्षा के अहम मुद्दों पर गहन मंथन किया जाएगा। उद्घाटन सत्र में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और समापन सत्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मौजूद रहेंगे। छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह का बंगला अस्थाई PMO बनेगा।
