300 ग्रामीणों ने लिया लाभ, महिलाओं-बच्चों को वितरित की गई उपयोगी सामग्री
बीजापुर। नक्सलवाद से अत्यधिक प्रभावित एवं अतिसंवेदनशील क्षेत्र पुसनार में सी/85 बटालियन सीआरपीएफ द्वारा नागरिक सहायता कार्यक्रम एवं निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। पुसनार स्थित नवस्थापित एफओबी कैंप में शनिवार को आयोजित इस सिविक एक्शन कार्यक्रम ने सुरक्षा बलों और ग्रामीणों के बीच विश्वास और संवाद की मजबूत मिसाल पेश की।

यह कार्यक्रम 85 बटालियन के कमांडेंट सुनील कुमार राही के मार्गदर्शन एवं निर्देशन में तथा द्वितीय कमान अधिकारी पवन कुमार की उपस्थिति में संपन्न हुआ। इस अवसर पर वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज कुमार, सहायक कमांडेंट नरेन्द्र सिंह, निरीक्षक कमलेश कुमार, निरीक्षक फराकत हुसैन सहित बड़ी संख्या में सीआरपीएफ के अधिकारी एवं जवान मौजूद रहे।
कार्यक्रम में पुसनार क्षेत्र के मेटापाल, पेरमापारा, गोरगेपारा, वडडेपारा, पेद्दापारा, बंटीपारा, गायता पारा और धुर्वा पारा के लगभग 300 ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। द्वितीय कमान अधिकारी पवन कुमार ने ग्रामीणों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के महत्व की जानकारी देते हुए उन्हें सरकार की मुख्यधारा से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।

ग्रामीणों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए महिलाओं को पानी की टंकी, रसोई उपयोगी बर्तन, साड़ी, चप्पल, छाता एवं रेडियो वितरित किए गए। वहीं स्कूल में अध्ययनरत बच्चों को खेलकूद सामग्री और स्कूल बैग प्रदान किए गए, जिससे बच्चों में खासा उत्साह देखा गया।
इस दौरान वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज कुमार द्वारा जरूरतमंद एवं बीमार ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर निःशुल्क दवाइयां वितरित की गईं। कार्यक्रम में शामिल अधिकारियों, जवानों एवं ग्रामीणों के लिए जलपान की भी समुचित व्यवस्था की गई थी।
सिविक एक्शन कार्यक्रम से प्रभावित कई ग्रामीणों ने बच्चों की शिक्षा और क्षेत्र के विकास कार्यों में सक्रिय सहभागिता निभाने की शपथ ली। कार्यक्रम के समापन पर सहायक कमांडेंट नरेन्द्र सिंह ने कमांडेंट सुनील कुमार राही, द्वितीय कमान अधिकारी पवन कुमार एवं 85 बटालियन की ओर से सभी ग्रामीणों और उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।
