दैनिक मूक पत्रिका बेमेतरा- भारत शासन, महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित महत्वपूर्ण योजना “प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना (PMMVY)” के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2025-26 में जिला बेमेतरा की हजारों माताओं को सीधा लाभ मिला है। योजना के तहत कुल 5116 पात्र हितग्राहियों का पंजीयन किया गया, जिन्हें मातृत्व से जुड़ी आवश्यकताओं, पोषण एवं स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए कुल 2.43 करोड़ रुपये की राशि अंतरित की गई।
प्रथम संतान अंतर्गत लाभ — 3909 माताओं को 1.72 करोड़ रु.
जिले में पंजीकृत 5116 महिलाओं में से 3909 पात्र महिलाओं के बैंक खातों में पहली किस्त के रूप में 3000 रुपये, कुल 1,72,27,000 रुपये अंतरित किए गए। यह राशि गर्भावस्था के दौरान पोषण, उचित देखभाल और स्वास्थ्य जांच के लिए महत्वपूर्ण सहारा प्रदान करती है।
दूसरी किस्त — 3209 महिलाओं को 64.18 लाख रु.
इसी वर्ष प्रथम संतान श्रेणी में ही 3209 लाभार्थियों को 2000 रुपये की दूसरी किस्त जारी की गई, जिसके लिए 64,18,000 रुपये का भुगतान किया गया। यह सहायता गर्भावस्था के अंतिम महीनों में होने वाली आर्थिक जरूरतों को पूरा करने में उपयोगी साबित हो रही है।
द्वितीय संतान (बालिका) के लिए 1031 हितग्राहियों को 61.86 लाख रु.
बालिका जन्म को बढ़ावा देने और मातृ स्वास्थ्य सुधार के उद्देश्य से द्वितीय संतान (बालिका) अंतर्गत 1031 हितग्राहियों को एकमुश्त 6000 रुपये की राशि प्रदान की गई, जिसके लिए कुल 61,86,000 रुपये अंतरित किए गए।
कुल भुगतान – 2.43 करोड़ रुपये
वित्तीय वर्ष 2025-26 में बेमेतरा जिले की 5116 महिलाओं को मातृत्व सुरक्षा, पोषण समर्थन, कार्य निषेध अवधि में आर्थिक स्थिरता और स्वस्थ प्रसव को प्रोत्साहित करने हेतु कुल 2.43 करोड़ रुपये की सहायता प्रदान की गई। इस योजना से गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को पोषण सुधार, प्रसव पूर्व एवं प्रसवोपरांत देखभाल, कार्य के दौरान हुए आर्थिक नुकसान की भरपाई ल, माँ और शिशु दोनों के स्वास्थ्य में सुधार, जैसे महत्वपूर्ण लाभ मिल रहे हैं, जिससे परिवारों में आर्थिक सुरक्षा भी सुनिश्चित हो रही है।
नई टोल-फ्री हेल्पलाइन 1515 जारी
प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना से संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या, शिकायत या जानकारी के लिए पूर्व में संचालित टोल-फ्री नंबर 14408 को बंद कर दिया गया है। अब इसकी जगह नया टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1515 शुरू किया गया है। इस नंबर पर लाभार्थी सीधे संपर्क कर PMMVY से संबंधित सहायता एवं समस्याओं का त्वरित समाधान प्राप्त कर सकते हैं।
