गृहमंत्री ने जनप्रतिनिधियों, सरपंचों और समाज प्रमुखों के साथ की बैठक*
पुनर्वास नीति 2025 के तहत सैकड़ों माओवादी लौट रहे समाज की मुख्यधारा में
हिड़मा की मां से मुलाकात कर दी हिंसा छोड़ने की अपील
अधिकारियों को निर्देश- पुनर्वासित युवाओं को रोजगार और शिक्षा से जोड़ें
दूरस्थ इलाकों में सड़क, बिजली और नेटवर्क विस्तार पर होगा विशेष ध्यान
दैनिक मूक पत्रिका बीजापुर/आशीष पदमवार – छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि बस्तर में अमन, शांति और विकास स्थापित करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार हर हाल में बस्तर को हिंसा मुक्त कर शांति और प्रगति के पथ पर आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।
उपमुख्यमंत्री शर्मा बीते सोमवार को अपने दो दिवसीय प्रवास के दौरान बीजापुर जिला कार्यालय के इन्द्रावती सभागार में बीजापुर और सुकमा जिले के जनप्रतिनिधियों, पंचायत प्रतिनिधियों, समाज प्रमुखों, मांझी, चालकी, गायता, पुजारी और पटेलों से संवाद कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि बस्तर के आदिवासी अंचल वर्षों से विकास से वंचित रहे हैं, पर अब समय आ गया है कि सभी मिलकर इस क्षेत्र को शांति और विकास के मार्ग पर आगे बढ़ाएँ। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री और केन्द्रीय गृहमंत्री ने सशस्त्र नक्सलवाद समाप्त करने के लिए स्पष्ट समयसीमा तय की है। इसी दिशा में ‘पुनर्वास नीति 2025’ के तहत बड़ी संख्या में माओवादी संगठन छोड़कर मुख्यधारा में लौट रहे हैं। शर्मा ने जनप्रतिनिधियों और ग्राम प्रमुखों से अपील की कि वे भटके हुए युवाओं को समाज की मुख्यधारा में लाने के लिए पहल करें। उन्होंने कहा कि जो माओवादी आत्मसमर्पण कर समाज में लौटेंगे, उनका स्वागत लाल कालीन बिछाकर किया जाएगा और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि हाल ही में जगदलपुर में 210 माओवादियों ने एक साथ आत्मसमर्पण किया, जिनमें 92 युवा बीजापुर जिले के हैं। ये सभी पुनर्वास केंद्र में कौशल प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।शर्मा ने पुनर्वासित युवाओं के परिवारों से उन्हें मिलने और अन्य भटके हुए युवाओं को भी लौटने के लिए प्रेरित करने की अपील की। गृहमंत्री ने यह भी बताया कि उन्होंने स्वयं पूर्वर्ती गांव जाकर नक्सली लीडर हिड़मा की वृद्ध माता से भेंट की और उनसे आग्रह किया कि वे अपने पुत्र को हिंसा छोड़कर मुख्यधारा में आने के लिए प्रेरित करें। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष जानकी कोरसा, बस्तर कमिश्नर डोमन सिंह, आईजी सुंदरराज पी., कलेक्टर संबित मिश्रा, डीएफओ रंगानाथन रामाकृष्णन वाय., सीईओ जिला पंचायत नम्रता चौबे, उपनिदेशक इन्द्रावती टाइगर रिजर्व संदीप बलगा, जनपद अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सरपंच, समाज प्रमुख और अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
