उत्कृष्ट कार्य करने वाली 20 आंगनबाड़ी कार्यकर्ता–सहायिकाओं को किया गया सम्मानित
दैनिक मूक पत्रिका बेमेतरा- छत्तीसगढ़ शासन महिला एवं बाल विकास विभाग के निर्देशानुसार बीते 15 नवंबर 2025 को एकीकृत बाल विकास परियोजना बेरला द्वारा कृषि उपज मंडी परिसर, नगर पंचायत बेरला में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका सम्मान कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बाल विकास विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के सफल क्रियान्वयन में उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं का सम्मान करना था। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि अवधेश चंदेल सम्मिलित रहे। उनके साथ जिले के जनप्रतिनिधि—जिला पंचायत सभापति अंजनी कुमार चंदेल, उपाध्यक्ष प्रतिनिधि बलराम पटेल, भाजपा प्रदेश मंत्री श्रीमती संध्या परगनिहा, नगर पंचायत बेरला के अध्यक्ष विशाल देशलहरा, भाजपा मंडल अध्यक्ष डोमेन्द्र राजपूत, पार्षद श्रीमती शिवझड़ी सिन्हा, बलराम यादव, बलराम शिवारे, सुश्री उमा नेताम, पूर्व पार्षद योगेन्द्र चौहान, जनपद पंचायत सदस्य भुखन यादव, शिक्षक कुशल साहू एवं परियोजना अधिकारी डॉ. विद्यानंद बोरकर सहित सभी पर्यवेक्षक एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता–सहायिकाएँ उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम की शुरुआत बाल केंद्रों और स्कूलों के बच्चों द्वारा प्रस्तुत मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रमों से हुई। बच्चों ने बालगीत, लोकगीत और नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों से खूब सराहना प्राप्त की। इसके उपरांत परियोजना अधिकारी द्वारा बाल विकास विभाग की योजनाओं—कुपोषण मुक्त अभियान, बाल विवाह रोकथाम, पूरक पोषण कार्यक्रम तथा पोषण आहार के महत्व पर विस्तृत व्याख्यान दिया गया। समारोह के दौरान गर्भवती महिलाओं की गोदभराई तथा छह माह के शिशुओं का अन्नप्राशन संपन्न कराया गया। पर्यवेक्षक श्रीमती कल्पना अले ने गोदभराई एवं अन्नप्राशन के उद्देश्य, महत्व तथा पोषण संबंधी आवश्यक जानकारी उपस्थित महिलाओं और नागरिकों को दी। कार्यक्रम परिसर में पारंपरिक छत्तीसगढ़ी व्यंजन—ठेठरी, खुरमी, अइरसा, रेडी-टू-ईट लड्डू, भाजी तथा स्थानीय साग–सब्जियों का भी प्रदर्शन किया गया। इन व्यंजनों के माध्यम से लोगों को पोषण, विटामिन और खनिज तत्वों की जानकारी प्रदान की गई और संतुलित आहार के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य भाग में परियोजना स्तर पर चयनित 10 आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और 10 सहायिकाओं को उनके उत्कृष्ट, नवाचारपूर्ण और समर्पित कार्य के लिए पूर्व विधायक अवधेश चंदेल द्वारा सम्मानित किया गया। अपने उद्बोधन में उन्होंने शासन की योजनाओं की उपलब्धियों को रेखांकित करते हुए कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएँ ही बाल विकास की आधारशिला हैं, जिनके प्रयासों से कुपोषण, स्वास्थ्य एवं शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक परिणाम देखने को मिल रहा है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेने वाले बच्चों व प्रतिभागियों को भी अतिथियों द्वारा पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम के समापन पर सभी के लिए स्वल्पाहार की व्यवस्था रखी गई थी। अंत में परियोजना अधिकारी ने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों और उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का औपचारिक समापन किया।
