तीन दिवसीय अखिल भारतीय प्रतियोगिता शुरू, पहले मैच में उत्तर प्रदेश ने गंगालूर को हराया
बीजापुर। जिले के मिनी स्टेडियम में बुधवार से अखिल भारतीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता की शुरुआत हो गई। खेल एवं युवा कल्याण विभाग और जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में हो रहे इस तीन दिवसीय आयोजन में देश के विभिन्न राज्यों की टीमें भाग ले रही हैं। प्रतियोगिता के चलते शहर में खेल प्रेमियों के बीच खासा उत्साह देखा जा रहा है।

टूर्नामेंट में इनकम टैक्स महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, जबलपुर रेलवे, छत्तीसगढ़ पुलिस, साईं तमिलनाडु, उड़ीसा और तेलंगाना की टीमें मैदान में उतरी हैं। पहले दिन से ही मुकाबले तेज और प्रतिस्पर्धी नजर आए। खिलाड़ियों के दमदार सर्व, मजबूत ब्लॉक और आक्रामक स्मैश ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर पूर्व मंत्री एवं वॉलीबॉल संघ के प्रदेश अध्यक्ष महेश गागड़ा, जिला पंचायत की सीईओ नम्रता चौबे, जिला पंचायत सदस्य शंकरैया माड़वी और मथियास कुजूर, सीआरपीएफ के वरिष्ठ अधिकारी, डिप्टी कलेक्टर, जिला खेल अधिकारी नारायण प्रसाद गवेल तथा एसडीएम जागेश्वर कौशल सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और खेल प्रेमी मौजूद रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री महेश गागड़ा ने कहा कि गृहमंत्री अमित शाह द्वारा नक्सल उन्मूलन के लिए किए जा रहे प्रयासों से क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव आ रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि खेल गतिविधियों के माध्यम से बीजापुर जिले की छवि बदलेगी। गागड़ा ने आगे कहा कि आने वाले समय में बीजापुर को बंदूक नहीं, बल्कि खेल के नाम से पहचाना जाएगा।
उद्घाटन मुकाबला गंगालूर और उत्तर प्रदेश की टीम के बीच खेला गया। दोनों टीमों ने शानदार खेल दिखाया, लेकिन अंत में उत्तर प्रदेश ने जीत दर्ज की। खिलाड़ियों की ऊर्जा और तालमेल ने संकेत दे दिया है कि आने वाले मुकाबले और भी दिलचस्प होंगे।
आयोजन से न केवल खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच मिल रहा है, बल्कि जिले में खेल संस्कृति को भी नई पहचान मिल रही है। अगले दो दिनों तक मिनी स्टेडियम खेल उत्साह और प्रतिस्पर्धा का केंद्र बना रहेगा।
