दैनिक मूक पत्रिका बेमेतरा/नारायणपुर – ग्राम पंचायत नारायणपुर में बीते बुधवार पंचायत कार्यालय परिसर में मितानिनों के सम्मान का विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में पंचायत प्रतिनिधियों, मितानिनों तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणों की सहभागिता रही।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सरपंच बिसाहू राम साहू ने कहा कि “मितानिन हमारे गांव की सशक्त सहयोगी हैं, जिन्होंने हर परिस्थिति में बिना थके, बिना रुके परिवारों के स्वास्थ्य की रक्षा के लिए निरंतर कार्य किया है।” उन्होंने मितानिनों द्वारा महिलाओं, बच्चों व गर्भवती माताओं को स्वास्थ्य संबंधी मार्गदर्शन देने, अस्पताल तक पहुंचाने, पोषण और स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने जैसे महत्वपूर्ण कार्यों की सराहना की।
सरपंच ने यह भी कहा कि मितानिन स्वास्थ्य विभाग और पंचायत के बीच मजबूत सेतु के रूप में कार्य करती हैं, जिससे गांव की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूती मिलती है। उन्होंने ग्रामीणों से मितानिनों के प्रयासों का सम्मान करने और उनके कार्यों में सहयोग प्रदान करने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान सभी मितानिनों का सम्मान किया गया और उन्हें शुभकामनाएं दी गईं। इस मौके पर मनीष तिवारी, टिका साहू, मितानिनें गौतम बाई, अनीता वैष्णव, विमला सेन, अरुणिमा मानिकपुरी, गुलापा साहू, गंगा यादव, राम मूर्ति ध्रुव, कुसुम साहू, तथा मुकेश विश्वकर्मा, सुरेंद्र साहू, देवेंद्र साहू, भागीरथी साहू सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम गरिमामय और उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।
