दैनिक मूक पत्रिका सारंगढ़-बिलाईगढ़ – कांकेर जिले के आमाबेड़ा में हुई घटना के विरोध में सर्व समाज छत्तीसगढ़ द्वारा बुधवार 24 दिसंबर 2025 को प्रदेशव्यापी “छत्तीसगढ़ बंद” का आह्वान किया गया। इसी क्रम में सर्व समाज जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ के तत्वावधान में सारंगढ़ नगर में प्रातः 7 बजे से शाम 7 बजे तक प्रतीकात्मक पूर्ण बंद रखा गया, जिसका नगर में व्यापक असर देखने को मिला।
बंद के दौरान भारत माता चौक में सभा एवं रैली का आयोजन किया गया, जिसके माध्यम से कलेक्टर को ज्ञापन सौंपने का निर्णय लिया गया। बंद को नगर के समस्त व्यापारी वर्गों का समर्थन प्राप्त हुआ, जिसके चलते शहरी क्षेत्र की अधिकांश व्यावसायिक गतिविधियाँ दिनभर बंद रहीं।
बताया गया कि कांकेर (आमाबेड़ा) में धर्मांतरण के हिंसक विरोध तथा प्रशासनिक भेदभाव के आरोपों को लेकर सर्व समाज द्वारा यह बंद बुलाया गया है। इस विषय को लेकर सारंगढ़ नगर में आयोजित बैठक में नगरवासियों, विभिन्न समाजों के प्रतिनिधियों, छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की जिला कार्यकारिणी तथा सर्व हिंदू समाज के सदस्यों ने आमाबेड़ा में मिशनरियों द्वारा स्थानीय जनजातीय समाज पर किए गए कथित योजनाबद्ध हमले एवं स्थानीय प्रशासन के रवैये पर गहरा रोष व्यक्त किया।
बैठक के उपरांत सर्वसम्मति से सारंगढ़ नगर में पूर्ण बंद का आह्वान किया गया, जिसे नगरवासियों ने शांतिपूर्ण ढंग से सफल बनाया। दिनभर नगर में शांति व्यवस्था बनी रही और बंद का असर बाजार, प्रतिष्ठानों व सार्वजनिक गतिविधियों पर स्पष्ट रूप से दिखाई दिया।
