बीजापुर। नक्सल प्रभावित डुमरीपालनार इलाके में तैनात 85वीं बटालियन सीआरपीएफ ने ग्रामीणों के बीच भरोसा मजबूत करने की पहल की है। बुधवार को बटालियन के नव स्थापित जी/85 कैंप में सिविक एक्शन कार्यक्रम और चिकित्सा शिविर लगाया गया, जहां करीब 150 ग्रामीणों ने पहुंचकर इसका लाभ लिया।
कमांडेंट सुनील कुमार राही की मौजूदगी में आयोजित कार्यक्रम में जरूरतमंद ग्रामीणों को घरेलू सामान, खेल सामग्री और खेती-किसानी में काम आने वाली वस्तुएं बांटी गईं। साथ ही लगाए गए निशुल्क स्वास्थ्य शिविर में बटालियन के डॉक्टरों ने ग्रामीणों की जांच कर दवाइयां वितरित कीं।

कमांडेंट राही ने बताया कि 24 जनवरी को कैंप अधिग्रहित करने के बाद से ही बटालियन क्षेत्र में सुरक्षा के साथ विकास को लेकर सक्रिय है। नक्सल गतिविधियों पर लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं, ताकि सड़क, बिजली, खाद्य सामग्री और संचार जैसी बुनियादी सुविधाएं गांवों तक पहुंच सकें।
ग्रामीणों ने इस पहल को राहत भरा कदम बताया। उनका कहना है कि ऐसे कार्यक्रमों से सुरक्षा बलों और गांव के लोगों के बीच दूरी कम हो रही है। बटालियन का मानना है कि संवाद बढ़ने से ग्रामीण विकास कार्यों में आगे आएंगे और भटकाव से दूर रहकर मुख्यधारा से जुड़ेंगे।

कार्यक्रम में द्वितीय कमान अधिकारी सुरेश उरांव, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज कुमार, सहायक कमांडेंट शिवांशु शर्मा, निरीक्षक संजीव कुमार सहित अन्य अधिकारी, जवान और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद थे।
