दैनिक मूक पत्रिका कुसमी/कोरंधा – बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में धान खरीदी सीजन के दौरान अवैध परिवहन एवं अनियमित गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने प्रशासन द्वारा लगातार सख़्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में कुसमी विकासखंड अंतर्गत कोरंधा बैरियर पर राजस्व विभाग की टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है।
कुसमी तहसीलदार रॉकी एक्का के नेतृत्व में नियमित जांच के दौरान एक संदिग्ध पिकअप वाहन को रोका गया। जांच में वाहन से झारखंड से लाया जा रहा 55 बोरी धान बरामद किया गया। वाहन चालक द्वारा प्रस्तुत किए गए परिवहन संबंधी दस्तावेज अपूर्ण एवं संतोषजनक नहीं पाए गए।
इसके बाद मौके पर पंचनामा कार्रवाई पूरी कर धान एवं वाहन को थाना कोरंधा में विधिवत सुपुर्द किया गया। प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा मामले की आगे की जांच जारी है।
तहसीलदार रॉकी एक्का ने बताया कि धान खरीदी अवधि के दौरान जिले की सीमाओं, बैरियरों एवं संवेदनशील मार्गों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है और अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों पर सख़्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बाहरी राज्यों से अवैध रूप से धान लाकर स्थानीय मंडियों में खपाने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई गई है। आम नागरिकों से अपील की गई है कि किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत संबंधित विभाग या नजदीकी पुलिस थाना को दें।
