दूरस्थ गांवो के समुदायों का किया जा रहा सशक्तिकरण
मूक पत्रिका/बीजापुर। जिले के दूरस्थ ग्राम भट्टीगुड़ा में 151 बटालियन सीआरपीएफ द्वारा शनिवार को नागरिक कार्य योजना (सीएपी) का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम आईजी (सीजी सेक्टर) शालिन तथा डीआईजी (ऑप्स रेंज कोंटा) राजेश पांडे के मार्गदर्शन में और कमांडेंट राजीव कुमार की सौजन्य उपस्थिति में आयोजित हुआ।
कार्यक्रम के तहत ग्रामीणों के सामाजिक और बुनियादी विकास पर विशेष ध्यान दिया गया। शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से स्कूली बच्चों को स्कूल बैग, नोटबुक और स्टेशनरी सामग्री वितरित की गई। वहीं आंगनबाड़ी केंद्र की सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए जल शुद्धिकरण यंत्र और जल भंडारण टैंक भेंट दिये गए, जिससे स्वच्छ पेयजल और स्वच्छता सुनिश्चित हो सके।
ग्रामीणों की दैनिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए साड़ियां, लुंगी, कंबल, चप्पल, जल टैंक के साथ-साथ खेल गतिविधियों को प्रोत्साहित करने हेतु क्रिकेट किट और वॉलीबॉल भी वितरित किए गए।
कार्यक्रम में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और सीआरपीएफ के प्रति आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों ने बताया कि यह पहला अवसर है जब इस गांव में इस प्रकार की कल्याणकारी योजना आयोजित की गई है। उल्लेखनीय है कि भट्टीगुड़ा क्षेत्र पूर्व में माओवादियों का प्रभाव क्षेत्र रहा है।
इसके अलावा, 151 बटालियन सीआरपीएफ द्वारा स्थानीय प्रशासन के सहयोग से गांव को मुख्य सड़क से जोड़ने वाले मार्ग के निर्माण में भी सहायता की जा रही है, जिससे आवागमन, संपर्क और विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।
