दैनिक मूक पत्रिका अंबिकापुर। सरगुजा जिले के अंबिकापुर से लगे सोनवाही गांव के जंगल में एक महिला का शव मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। मृतका की पहचान 37 वर्षीय सुरमिला राजवाड़े के रूप में हुई है। महिला का शव स्कूल मैदान के किनारे खोदे गए सीपीटी गड्ढे में मिला। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ है कि उसकी हत्या की गई थी। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना जयनगर थाना क्षेत्र के लटोरी चौकी अंतर्गत सोनवाही गांव की है। रविवार को दोपहर में गांव के कुछ बच्चे स्कूल मैदान में खेल रहे थे, तभी उन्होंने मैदान के बगल में बने गड्ढे में एक महिला का शव देखा। बच्चों ने डरकर गांव वालों को सूचना दी। ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी लटोरी चौकी प्रभारी अरुण गुप्ता को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पहुंची और मौके का निरीक्षण कर शव को बाहर निकलवाया। महिला की पहचान सोनवाही निवासी सुरमिला राजवाड़े (37 वर्ष) के रूप में हुई। पुलिस ने घटनास्थल पर साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। महिला के पति हुकुम साय राजवाड़े ने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी 25 अक्टूबर की दोपहर करीब 3 बजे सब्जी लेकर अंबिकापुर जाने के लिए घर से निकली थी। वह रोज की तरह अंबिकापुर जाती थी और रात में लगभग 10 बजे से 11 बजे के बीच बस से सोनवाही चौक लौट आती थी। उस दिन भी वह पत्नी को लेने रात 10 बजे सोनवाही चौक पहुंचा, लेकिन वह नहीं लौटी। पति ने लगभग 11:30 बजे तक इंतजार किया, लेकिन जब पत्नी घर नहीं आई तो अगली सुबह उसकी खोजबीन शुरू की। 26 अक्टूबर की सुबह लगभग 8 बजे गांव में महिला का शव मिलने की सूचना मिली।
जिसके बाद हुकुम साय मौके पर पहुंचे और शव की पहचान की। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि हुई है। चिकित्सकों ने बताया कि मृतका के सिर में बाएं कान के पास गहरी चोट, चेहरे और गले पर भी चोट के निशान हैं। इसके अलावा महिला की साड़ी अस्त-व्यस्त अवस्था में मिली है और शरीर पर संघर्ष के निशान भी हैं, जिससे यह साफ है कि महिला ने मृत्यु से पहले हमलावर से जोरदार संघर्ष किया था। पुलिस ने मामला हत्या का पाया।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद जयनगर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 302 के तहत हत्या का अपराध दर्ज किया है। लटोरी चौकी प्रभारी अरुण कुमार गुप्ता ने बताया कि हत्या किसने और क्यों की, इसका अभी कोई स्पष्ट सुराग नहीं मिला है, लेकिन जांच के लिए कई बिंदुओं पर काम चल रहा है। पुलिस ने बताया कि घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर संभावित आरोपियों की तलाश की जा रही है। मृतका का मोबाइल फोन और पर्स गायब है, जिससे लूट की भी आशंका जताई जा रही है। पुलिस टीम ने अंबिकापुर और सोनवाही मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
