नयापारा बीजापुर में ध्वजारोहण, जवानों और ग्रामीणों ने लिया संविधान के प्रति संकल्प
बीजापुर। 77वां गणतंत्र दिवस नयापारा बीजापुर स्थित 85 बटालियन केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल परिसर में पूरे जोश, अनुशासन और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। कार्यक्रम में जवानों ने परेड के साथ सलामी दी और संविधान के प्रति निष्ठा का संकल्प दोहराया। उप महानिरीक्षक बी. एस. नेगी, डीआईजी रेंज (परि.) बीजापुर ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली। ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान गाया गया। कार्यक्रम में 85 बटालियन के कमांडेंट सुनील कुमार राही सहित सभी अधिकारी और जवान मौजूद रहे।

अपने संबोधन में डीआईजी बी. एस. नेगी ने कहा कि सीआरपीएफ देश की आंतरिक सुरक्षा की मजबूत कड़ी है। उन्होंने जवानों से अनुशासन, सेवा भावना और संविधानिक मूल्यों को सर्वोपरि रखने का आह्वान किया।
कार्यक्रम केवल मुख्यालय तक सीमित नहीं रहा। 85 बटालियन द्वारा नक्सल प्रभावित अति दुर्गम इलाकों में स्थापित सीआरपीएफ कैंप पेद्दापारा, पुसनार, हिरोली, कावडगांव, मुतवेंडी और डुमरी पालनार में भी गणतंत्र दिवस मनाया गया। इन कैंपों में स्थानीय ग्रामीणों और स्कूली बच्चों ने जवानों के साथ मिलकर तिरंगा फहराया।

बच्चों और ग्रामीणों ने प्रभात फेरी में भाग लिया और देशभक्ति नारे लगाए। इन आयोजनों ने सुरक्षाबलों और ग्रामीणों के बीच भरोसे को और मजबूत किया।
कभी नक्सल हिंसा से प्रभावित रहे इलाकों में राष्ट्रीय पर्व का शांतिपूर्ण आयोजन इस बात का संकेत है कि हालात बदल रहे हैं। सुरक्षा के साथ अब इन क्षेत्रों में सामाजिक और विकास गतिविधियों को भी गति मिल रही है।

