Oplus_131072
कम समय में रक्त जांच और तत्काल रिपोर्ट की सुविधा, मरीजों को मिलेगा त्वरित उपचार
जगदलपुर । बस्तरवासियों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण पहल की शुरुआत की जा रही है। जिले में आज से अत्याधुनिक हेल्थ एटीएम (Health ATM) की सुविधा शुरू की गई है, जिससे अब लोगों को छोटी-बड़ी जांचों के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। इस नई व्यवस्था के माध्यम से कम समय में रक्त जांच सहित कई आवश्यक जांचें कर तत्काल रिपोर्ट प्राप्त की जा सकेगी, जिससे बीमारियों का समय रहते पता लगाकर उपचार करना आसान होगा।
स्वास्थ्य सुविधाओं को आम लोगों तक सुलभ और तेज़ बनाने के उद्देश्य से शुरू की जा रही यह पहल बस्तर के लिए एक बड़ी सौगात मानी जा रही है। विशेषज्ञों के अनुसार हेल्थ एटीएम के जरिए मरीजों को त्वरित जांच सुविधा मिलने से अस्पतालों में भीड़ कम होगी और प्राथमिक स्तर पर ही कई बीमारियों की पहचान संभव हो सकेगी।

इस सुविधा का लोकार्पण शुक्रवार 06 मार्च को अलग-अलग स्थानों पर किया गया। सुबह 10 बजे महारानी हॉस्पिटल में कार्यक्रम आयोजित हुआ, इसके बाद सुबह 11 बजे डिमरापाल मेडिकल कॉलेज जगदलपुर तथा दोपहर 1 बजे सिविल हॉस्पिटल भानपुरी में हेल्थ एटीएम का शुभारंभ किया गया।

इस अवसर पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। स्वास्थ्य सेवाओं को आधुनिक तकनीक से जोड़ने की दिशा में यह कदम बस्तर के लिए नई संभावनाओं के द्वार खोलने वाला माना जा रहा है। इससे “स्वस्थ बस्तर और सशक्त बस्तर” के संकल्प को मजबूत आधार मिलेगा।
