Oplus_131072
बीजापुर/भोपालपटनम। थाना भोपालपटनम क्षेत्र के ग्राम पंचायत वरदली एवं ग्राम पोषणपल्ली में पुलिस द्वारा चलित थाना लगाकर ग्रामीणों के बीच जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। 18 अप्रैल को वरदली तथा 20 अप्रैल को पोषणपल्ली में आयोजित इस पहल में पुलिस टीम ने सीधे गांव पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुनीं और विभिन्न कानूनों व सुरक्षा उपायों की जानकारी दी।

कार्यक्रम के दौरान सायबर अपराध, महिलाओं एवं बच्चों से जुड़े अपराध, पॉक्सो एक्ट, घरेलू हिंसा, महिला उत्पीड़न, टोनही प्रताड़ना, गुड टच-बैड टच तथा यातायात नियमों के बारे में विस्तार से बताया गया। साथ ही जन संवाद के जरिए ग्रामीणों को जागरूक करते हुए उन्हें किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई।

ग्राम पंचायत वरदली में सरपंच अनसूया तालांडी, कोटवार एवं वार्ड पंचगण मौजूद रहे, वहीं पोषणपल्ली में ग्राम पटेल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और बच्चे कार्यक्रम में शामिल हुए। यह पूरा अभियान पुलिस अधीक्षक जितेंद्र यादव के मार्गदर्शन में तथा थाना प्रभारी जीवन कुमार जांगड़े के नेतृत्व में संचालित किया गया, जिसमें थाना पटनम का स्टाफ सक्रिय रूप से उपस्थित रहा।
