रेत से भरे वाहन को किया गया जप्त, खनिज अधिनियम के तहत होगी अर्थदण्ड की वसूली
दैनिक मूक पत्रिका बेमेतरा – कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाई के निर्देशानुसार जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध लगातार सघन कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में कार्यालय कलेक्टर (खनिज शाखा) द्वारा बीते दिवस बेमेतरा क्षेत्र में निरीक्षण एवं जांच अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान रेत का अवैध परिवहन करते पाए जाने पर एक वाहन को जप्त किया गया। खनिज विभाग की टीम द्वारा की गई जांच में वाहन चालक आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाया, जिसके फलस्वरूप नियमानुसार वाहन को जप्त कर थाना बेमेतरा की अभिरक्षा में सुरक्षार्थ रखा गया है। साथ ही संबंधित वाहन के विरुद्ध अवैध खनिज परिवहन का प्रकरण दर्ज किया गया है।
प्रकरण में खान और खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 21 से 23-ख के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए संबंधित वाहन पर 30 हजार 500 रुपये की अर्थदण्ड राशि निर्धारित की गई है, जिसकी वसूली नियमानुसार की जाएगी। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनिज परिवहन एवं उत्खनन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। राजस्व एवं खनिज की हानि रोकने तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के उद्देश्य से प्रशासन द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही है।
कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाई ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि जिले में अवैध गतिविधियों पर सतत निगरानी रखते हुए नियमित जांच अभियान चलाए जाएं तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि अवैध खनिज उत्खनन अथवा परिवहन की जानकारी मिलने पर तत्काल प्रशासन को सूचित करें, ताकि त्वरित कार्रवाई की जा सके।
