उत्कृष्ट एवं विशिष्ट सेवाओं के लिए देश का सर्वोच्च नागरिक सम्मान
दैनिक मूक पत्रिका बेमेतरा – भारत सरकार द्वारा प्रदान किए जाने वाले देश के प्रतिष्ठित नागरिक सम्मानों में शामिल पद्म पुरस्कार 2027 हेतु नामांकन एवं सिफारिशें आमंत्रित की गई हैं। यह पुरस्कार प्रत्येक वर्ष गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर घोषित किए जाते हैं। पद्म पुरस्कार तीन श्रेणियों— पद्म विभूषण, पद्म भूषण एवं पद्म श्री —में प्रदान किए जाते हैं। इन पुरस्कारों का उद्देश्य समाज के विभिन्न क्षेत्रों में असाधारण एवं विशिष्ट योगदान देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित करना है। पद्म पुरस्कार किसी भी जाति, पेशा, पद अथवा लिंग के भेदभाव के बिना पात्र व्यक्तियों को प्रदान किए जाते हैं। हालांकि, सेवारत सरकारी कर्मचारी (पीएसयू कर्मियों सहित), डॉक्टरों एवं वैज्ञानिकों को छोड़कर, इस सम्मान हेतु पात्र नहीं होंगे। पुरस्कार चयन में जनसेवा एवं समाजहित में किए गए उल्लेखनीय कार्यों को विशेष महत्व दिया जाता है।
इन पुरस्कारों के अंतर्गत कला, समाज सेवा, सार्वजनिक जीवन, विज्ञान एवं इंजीनियरिंग, व्यापार एवं उद्योग, चिकित्सा, साहित्य एवं शिक्षा, सिविल सेवा, खेलकूद सहित अन्य विविध क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया जाता है। इसके अतिरिक्त योग, कृषि, वन्यजीव संरक्षण, पाक कला, जमीनी स्तर के नवाचार, वास्तुकला एवं आध्यात्मिकता जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्ति भी पात्र हैं।
पद्म पुरस्कारों के लिए नामांकन प्रक्रिया पूरी तरह आम जनता के लिए खुली है तथा कोई भी व्यक्ति स्वयं का नामांकन भी कर सकता है। वर्ष 2027 के लिए नामांकन एवं सिफारिशें 15 मार्च 2026 से 31 जुलाई 2026 तक आमंत्रित की जाएंगी। चयन प्रक्रिया के अंतर्गत प्राप्त सभी नामांकन पद्म पुरस्कार समिति के समक्ष प्रस्तुत किए जाएंगे, जिसका गठन प्रतिवर्ष प्रधानमंत्री द्वारा किया जाता है। समिति की अनुशंसा के बाद प्रधानमंत्री एवं राष्ट्रपति की स्वीकृति उपरांत पुरस्कार विजेताओं की घोषणा की जाती है।
पुरस्कार प्राप्तकर्ताओं को राष्ट्रपति द्वारा हस्ताक्षरित सनद (प्रमाण पत्र), पदक एवं पदक की लघु प्रतिकृति प्रदान की जाती है। यह सम्मान किसी भी प्रकार की उपाधि नहीं माना जाता तथा इसके साथ कोई आर्थिक अनुदान नहीं दिया जाता।
आवेदन हेतु आवश्यक जानकारी
पद्म पुरस्कार हेतु आवेदन/नामांकन के लिए निम्न जानकारी आवश्यक होगी—
संबंधित व्यक्ति के कार्यों का संक्षिप्त विवरण (अधिकतम 800 शब्द)
प्रमुख योगदान का विवरण (अधिकतम 500 शब्द)
कार्यों का प्रभाव एवं परिणाम (अधिकतम 400 शब्द)
4 पंक्तियों में यह उल्लेख कि व्यक्ति पद्म पुरस्कार का पात्र क्यों है (अधिकतम 60 शब्द)
अन्य प्रासंगिक जानकारी (अधिकतम 300 शब्द)
नामांकित व्यक्ति के फोटोग्राफ, जन्मतिथि, संबंधित दस्तावेज | अधिक जानकारी एवं ऑनलाइन नामांकन हेतु भारत सरकार के पद्म पुरस्कार पोर्टल पर विजिट किया जा सकता है — Padma Awards Portal
तकनीकी सहायता हेतु संपर्क
नामांकन प्रक्रिया से संबंधित तकनीकी सहायता के लिए एनआईसी बेमेतरा में संपर्क किया जा सकता है, रोहित कुमार चंद्रवंशी डीआईओ, एनआईसी बेमेतरा
मो.: 7746072781 |
