रायपुर – रायपुर ग्रामीण पुलिस ने अवैध हथियार रखने वाले अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक हिस्ट्रीशीटर आरोपी को अवैध देशी कट्टा और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी रात के समय हथियार लहराकर लोगों में भय का माहौल बना रहा था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे मौके से दबोच लिया।
पुलिस अधीक्षक रायपुर ग्रामीण श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (क्राइम) संदीप मित्तल तथा एसडीओपी माना लम्बोदर पटेल के मार्गदर्शन में थाना सिलतरा पुलिस ने यह कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार 4-5 अगस्त की दरमियानी रात थाना सिलतरा पुलिस नियमित रात्रिकालीन पेट्रोलिंग पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम निमोरा स्थित पंचायत भवन के सामने एक व्यक्ति अवैध देशी कट्टा लेकर लोगों को डरा-धमका रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सरफराज खान (30 वर्ष) बताया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक अवैध देशी कट्टा, एक जिंदा 8 एमएम कारतूस तथा चार खाली 8 एमएम कारतूस बरामद हुए। आरोपी हथियार रखने का कोई वैध लाइसेंस या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना सिलतरा में अपराध क्रमांक 21/2026 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के अंतर्गत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।
जांच में यह भी सामने आया कि सरफराज खान वर्ष 2022 में थाना मंदिर हसौद क्षेत्र में दर्ज हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के मामले में गिरफ्तार होकर जेल जा चुका है। आरोपी मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बलिया और प्रयागराज जिले का निवासी है। उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य गतिविधियों की जानकारी जुटाने के लिए रायपुर ग्रामीण पुलिस ने उत्तर प्रदेश पुलिस से भी समन्वय शुरू कर दिया है।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक राजेन्द्र सिंह कँवर, सउनि. कौशल मिर्झा, प्रधान आरक्षक कोमल वर्मा, आरक्षक अजय पटेल, प्रेम चनाब, भूपेंद्र टंडन एवं मुकेश जांगड़े की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
रायपुर ग्रामीण पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध हथियार रखने वालों, असामाजिक तत्वों और कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त और लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
