भोपालपटनम के एकलव्य आवासीय विद्यालय रूद्रारम का मामला, आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर बीजापुर लाया गया
बीजापुर। जिले के भोपालपटनम स्थित एकलव्य आवासीय विद्यालय रूद्रारम में नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ के मामले में पुलिस ने फरार आरोपी कंप्यूटर शिक्षक को राजस्थान के झालावाड़ से गिरफ्तार किया है। आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर बीजापुर लाया गया।
पुलिस से मिली जानकारी अनुसार पीड़िता की माता ने 12 सितंबर को भोपालपटनम थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ के आरोप में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और पॉक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत अपराध क्रमांक 32/2026 दर्ज किया था।
दो राज्यों में भेजी गईं टीमें:
एएसपी अमन कुमार झा ने बताया कि एसपी उमेश प्रसाद गुप्ता के निर्देशन में आरोपी की तलाश और गिरफ्तारी के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित किया गया। टीम की दो अलग-अलग इकाइयों को आरोपी की तलाश में राजस्थान और हरियाणा रवाना किया गया था।
पुलिस ने तकनीकी आसूचना के आधार पर पतासाजी और घेराबंदी करते हुए आरोपी देवेन्द्र कुमार दहिया उम्र 34 को राजस्थान के झालावाड़ से हिरासत में लिया। इसके बाद उसे ट्रांजिट रिमांड पर बीजापुर लाया गया। आरोपी के खिलाफ थाना भोपालपट्टनम में वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया है।
