बीजापुर। कभी नक्सलवाद के प्रभाव और दुर्गम परिस्थितियों के लिए पहचाने जाने वाले कर्रेगुट्टा (केजीएच) पहाड़ी इलाके में स्थित गुंजेपर्ती में इस बार दीपावली का उत्सव आपसी विश्वास और भाईचारे का संदेश लेकर आया। जिला मुख्यालय से करीब 82 किलोमीटर दूर यहां सीआरपीएफ की सी/229 बटालियन के जवानों ने ग्रामीणों के साथ दीप जलाकर खुशियां बांटीं। जवानों और ग्रामीणों का यह साझा आयोजन बदलते सामाजिक माहौल की तस्वीर भी बना।
दीपावली पर जवानों ने आसपास के पारा और गांवों के करीब 60 बच्चों को मिठाई, प्रसाद, वस्त्र और पटाखे वितरित किए। शाम को जवानों और ग्रामीणों ने मिलकर दीप जलाए। इसके बाद गीत-संगीत और नृत्य की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां हुईं। कार्यक्रम के अंत में सभी ने साथ बैठकर रात्रि भोज किया।

सुरक्षा के साथ विश्वास कायम करने की पहल
कार्यक्रम का नेतृत्व सी/229 बटालियन के कंपनी कमांडर निरीक्षक अरूपानंद नायक ने किया। उन्होंने कहा कि दीपावली अंधकार से प्रकाश, निराशा से आशा और दूरियों से अपनत्व की ओर बढ़ने का संदेश देती है। सुरक्षा के साथ ग्रामीणों के जीवन में खुशियां, विश्वास और सकारात्मक बदलाव लाना भी प्रयास का हिस्सा है।

उन्होंने आयोजन का श्रेय बटालियन के अधिकारियों और जवानों के सामूहिक प्रयासों को दिया। साथ ही कमांडेंट ब्रजेश कुमार सिंह के नेतृत्व और मार्गदर्शन के प्रति आभार जताया। कमांडेंट ने भी स्थानीय जनता के साथ विश्वास, सहयोग और भाईचारे का रिश्ता मजबूत करने का संदेश दिया।
दुर्गम इलाके में मेलजोल का संदेश
गुंजेपर्ती बीजापुर जिला मुख्यालय से करीब 82 किलोमीटर दूर कर्रेगुट्टा पहाड़ी क्षेत्र के समीप स्थित है। यहां जवानों और ग्रामीणों का साझा दीपोत्सव आपसी संवाद, विश्वास और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने की पहल के रूप में सामने आया।
