दैनिक मूक पत्रिका कुसमी – किसान जिला अध्यक्ष राजीव तिर्की के निर्देश पर नगर पंचायत अध्यक्ष राजेंद्र भगत ने बीते शुक्रवार को कुसमी मंडी एवं देवरी धान खरीदी केंद्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने किसानों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं और केंद्रों की व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी ली।
जांच के दौरान बोरे के वजन में असमानता सामने आई। देवरी केंद्र में धान बोरा वजन 40.700 किलो, जबकि कुसमी केंद्र में 41.200 किलो पाया गया। इस अंतर को गंभीरता से लेते हुए नगर अध्यक्ष ने इसका पंचनामा तैयार कराया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए।

वहीं, धान खरीदी केंद्रों में कार्यरत हमाल मजदूरों ने बताया कि उन्हें राज्य सरकार द्वारा निर्धारित मानदेय पिछले सत्र में भी प्राप्त नहीं हुआ, जिससे वे आर्थिक समस्या का सामना कर रहे हैं।
नगर अध्यक्ष राजेंद्र भगत ने किसानों की समस्याओं को प्राथमिकता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि उनके सभी मुद्दों का शीघ्र निराकरण किया जाएगा और धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी बनाने हर संभव प्रयास किए जाएंगे।
निरीक्षण के दौरान वार्ड क्रमांक 12 की पार्षद विनीता टोप्पो, युवा कांग्रेस प्रदेश महासचिव पूर्णिमा सेमरिया, विधानसभा महासचिव वेदांत भारती, युवा साथी सद्दाम खान सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
