दैनिक मूक पत्रिका बेमेतरा – शहर कांग्रेस कमेटी एवं कांग्रेस पार्षद दल ने नगर पालिका में व्याप्त भ्रष्टाचार, विकास कार्यों में भेदभाव, सामान्य सभा की बैठक नहीं बुलाए जाने, टैंकर व लाइट खरीदी में अनियमितता, प्रधानमंत्री आवास योजना के भुगतान में हो रहे विलंब तथा सफाई व्यवस्था की बदहाली के विरोध में बीते सोमवार को नगर पालिका का घेराव किया।
कांग्रेस कार्यकर्ता एवं विभिन्न वार्डों के निवासी सैकड़ों की संख्या में महतारी चौक से रैली के रूप में नगर पालिका कार्यालय पहुंचे और मुख्य नगर पालिका अधिकारी व नगर पालिका अध्यक्ष के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
घेराव को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष आशीष छाबड़ा ने कहा कि नगर पालिका में भाजपा की सरकार काबिज होने के बाद से निर्माण कार्यों में भारी भ्रष्टाचार हो रहा है। शहर में विकास कार्य ठप पड़े हैं और जनता को मूलभूत सुविधाओं के लिए नगर पालिका के चक्कर काटने पड़ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले छह महीनों से परिषद की बैठक नहीं बुलाई गई, जिससे जनता से जुड़े मुद्दों पर निर्णय नहीं हो पा रहे हैं।
आशीष छाबड़ा ने कहा कि कांग्रेस पार्षदों द्वारा नगर पालिका अधिनियम के तहत धारा 57 के अंतर्गत बैठक बुलाने के लिए आवेदन दिए जाने के बावजूद अध्यक्ष और मुख्य नगर पालिका अधिकारी द्वारा बैठक नहीं बुलाना कानून का खुला उल्लंघन है। उन्होंने सवाल उठाया कि पार्षदों द्वारा उठाए गए विषयों पर चर्चा से आखिर क्यों बचा जा रहा है। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत हितग्राहियों को मकान निर्माण के बाद भी किस्त की राशि समय पर नहीं मिलने की शिकायतें सामने आ रही हैं।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि अधिकारी भाजपा के एजेंडे पर काम कर रहे हैं। यदि वार्डों के विकास में भेदभाव जारी रहा तो कांग्रेस पार्टी इसका पुरजोर विरोध करेगी।
इस मौके पर सुमन गोस्वामी, ललित विश्वकर्मा, मंगत साहू, प्रांजल तिवारी, हरीश साहू, राजू साहू, रश्मि मिश्रा, रीता पांडे, शकुंतला साहू, जनता साहू, मनोज शर्मा, जोगेंदर छाबड़ा, अखिलेश नामदेव, टोकेश्वर साहू, प्रकाश ठाकुर, नीलम टंडन, शुभम गंधर्व, बीकू मानिकपुरी, रवि रजक, रूबी सलूजा, मिथलेश वर्मा, नारायण छाबड़ा, चंदू शीतलानी, सूरज कौशले, संजय वर्मा, धरम वर्मा, सुनील नामदेव, वतन मिश्रा, प्रतीक दुबे, ऋतिक तिवारी, जयंत जांगड़े, प्रज्ज्वल वर्मा, देवा गर्ग, गौरव छाबड़ा, सीताराम यादव, रोमन वर्मा, रूप सिंह साहू, सौरभ राघव, जग्गू जांगड़े, अतुल साहू, शुभांक परगनिहा, ओमप्रकाश यादव, वशीम मुनीर, कौनैन अली, याशिफ खान, राजेंद्र साहू, कबीर वर्मा, उत्कल गायकवाड सहित बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।
