दैनिक मूक पत्रिका दंतेवाड़ा। जिले के बचेली थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक मोहल्ले में एक युवक ने 30 दिसंबर को एक मानसिक रूप से कमजोर युवती के साथ अनाचार की कोशिश की। लेकिन इस घटना के बाद परिजनों ने जब थाने में मामला दर्ज कराया तो आरोपी को घटना के 6 दिन बाद भी गिरफ्तार नही किया गया। परिजनों ने इस बीच आरोपी के पिता ने पीड़ित पक्ष को घर जाकर गाली-गलौच देते हुए धमकी दी। परिजनों ने आरोप लगाया कि उन्होंने 6 दिन पहले मानसिक रूप से कमजोर युवती के साथ दुष्कर्म के प्रयास की शिकायत दी थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। रविवार देर रात बड़ी संख्या में वह फिर बचेली थाने पहुंचे और आरोपी के पिता के खिलाफ गाली-गलौच और धमकी देने की शिकायत दर्ज कराई। जिसके बाद बचेली पुलिस ने मामले काे गंभीरता से लेते हुए मानसिक रूप से कमजोर युवती के साथ अनाचार का प्रयास करने वाले आरोपी और उसके पिता को गिरफ्तार कर लिया है।
दंतेवाड़ा एएसपी बर्मन ने बताया कि थाने में महिला के साथ छेड़छाड़ का मामला आया था, इसकी रिपोर्ट थाने में दर्ज की गई थी। आरोपी को कोर्ट में पेश किया जाना था, इस बीच आरोपी के पिता ने पीड़ित पक्ष के साथ नशे की हालत में गाली-गलौच और धमकी दी। इसकी शिकायत पर रविवार रात को मामला दर्ज किया गया। साथ ही आरोपियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की जा रही है। दोनों मामलों में आरोपी और उसके पिता को हिरासत में लिया गया है।
