मूक पत्रिका बीजापुर – जिला मुख्यालय के राउतपारा मोहल्ले में बीते बुधवार को मकर संक्रांति के पावन अवसर पर तेलुगु समाज की महिलाओं ने अपनी प्राचीन सांस्कृतिक परंपराओं का उल्लासपूर्वक निर्वहन किया। प्रातः करीब 5 बजे महिलाओं द्वारा लकड़ियों का मीनार बनाकर विधिवत अग्नि प्रज्वलित की गई, जिसके साथ ही संक्रांति पर्व का शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर महिलाओं ने पारंपरिक भजनों का सामूहिक गायन करते हुए नृत्य किया और सूर्य देव की आराधना कर सुख-समृद्धि की कामना की। पूरे वातावरण में भक्तिभाव, उल्लास और सांस्कृतिक रंग देखने को मिला। सी राजेश्वरी ने बताया तेलुगु समाज की इस परंपरागत संक्रांति उत्सव ने न केवल सामाजिक एकता और सांस्कृतिक विरासत को सशक्त किया, बल्कि क्षेत्र में आपसी सौहार्द और भाईचारे का संदेश भी दिया। श्रीजा उप्पल , ए अरुणा , सत्तात्मा , एन सत्यवती,सरिता उप्पल ,नामपल्ली कविता अन्य स्थानीय लोगों ने इस आयोजन की सराहना करते हुए इसे नई पीढ़ी के लिए प्रेरणादायी बताया।
