बीजापुर। बोर्ड परीक्षा नजदीक आते ही कलेक्टर संबित मिश्रा के मार्गदर्शन में जिले में विद्यार्थियों के मानसिक तनाव को कम करने के लिए “हम होंगे कामयाब” कार्यशाला शुरू की गई। जिला शिक्षा अधिकारी लखन लाल धनेलिया और यूनिसेफ के सहयोग से यह कार्यक्रम 20 जनवरी से 5 फरवरी तक जिले के सभी हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी स्कूलों में आयोजित किया जाएगा।
विकासखंड भैरमगढ़ और बीजापुर के स्कूलों में पहले दिन ही कक्षा 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों ने भाग लिया। कार्यशाला में ध्यान-योग, मेडिटेशन, एनर्जाइज़र, उड़न-छू ताली और खेल आधारित गतिविधियों के माध्यम से तनाव कम करने के उपाय बताए गए।

कलेक्टर मिश्रा ने कहा कि “परीक्षा केवल पढ़ाई का मूल्यांकन है, जीवन का नहीं। योजनाबद्ध तरीके से पढ़ाई करें और मानसिक रूप से तनाव मुक्त रहें।” विद्यार्थियों को आईवीआर नंबर 8123922651 पर कॉल करके मदद लेने की सुविधा भी दी गई।
कार्यशाला में प्राचार्य, शिक्षकगण, ब्लॉक समन्वयक भारत कारम और स्वयंसेवक विद्यार्थियों का मार्गदर्शन कर रहे थे। विद्यार्थियों ने खुलकर अपनी आशंकाएँ और डर साझा किए। मेडिटेशन और खेलों के माध्यम से उन्हें रिलैक्स करने का अवसर मिला।

इस कार्यक्रम के परिणामस्वरूप विद्यार्थियों की एकाग्रता बढ़ी, आत्मविश्वास मजबूत हुआ और मानसिक तनाव कम हुआ। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने कहा कि अब वे पहले से अधिक सकारात्मक और परीक्षा के लिए तैयार महसूस कर रहे हैं।
