दैनिक मूक पत्रिका बीजापुर – अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पर्यवेक्षक अज़्मतुल्लाह हुसैनी, छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षक विधायक कुंवर सिंह निषाद (गुंडरदेही), विधायक रामकुमार यादव (चंद्रपुर) और बीजापुर के विधायक विक्रम मंडावी ने बीते शुक्रवार को सर्किट हाउस में प्रेस वार्ता आयोजित की। नेताओं ने बताया कि एआईसीसी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राष्ट्रीय नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में लिए गए निर्णय अनुसार कांग्रेस पार्टी लोकतांत्रिक प्रक्रिया और संवैधानिक मूल्यों में विश्वास रखती है। इसी क्रम में पार्टी संगठन के चुनाव भी लोकतांत्रिक तरीके से किए जा रहे हैं। संगठन सृजन अभियान के तहत बूथ, मंडल, ब्लॉक, जिला, प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर संगठन को मजबूत किया जा रहा है। जिला अध्यक्ष के चयन में अनुभव, संगठनात्मक क्षमता, पार्टी के प्रति निष्ठा और सर्वमान्यता को प्राथमिकता दी जाएगी। निर्णय एआईसीसी अध्यक्ष द्वारा लिया जाएगा। एआईसीसी पर्यवेक्षक अज़्मतुल्लाह हुसैनी ने कहा कि बीजापुर जिला कांग्रेस संगठन पहले से ही मजबूत है और इसे बूथ स्तर तक सशक्त किया जाएगा।

उन्होंने भाजपा सरकार पर तानाशाही रवैया अपनाने और आदिवासियों व गरीबों के अधिकारों का हनन करने का आरोप लगाया। हुसैनी ने कहा कि जिले के लगभग 250 मतदान केंद्रों में से 50 ऐसे हैं, जहां मतदान नहीं होता और आगामी चुनाव में भाजपा वोट चोरी की कोशिश कर सकती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को सतर्क रहने और मतदाता जागरूकता बढ़ाने की हिदायत दी। उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा पर आरोप लगाया कि वे बस्तर संभाग के खनिज संसाधनों को अपने उद्योगपति मित्रों, विशेषकर अडानी समूह को सौंपने की साजिश रच रहे हैं। हुसैनी ने कहा कि भाजपा आदिवासी समुदाय में धर्म, जाति और अन्य आधारों पर फूट डालने का प्रयास कर रही है, जबकि आदिवासी सदियों से एकजुट हैं।उन्होंने बीजापुर के विधायक विक्रम मंडावी की सराहना करते हुए कहा कि वे जिले के नागरिकों के मूल अधिकारों की रक्षा के लिए लगातार काम कर रहे हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि कांग्रेस संगठन विधायक मंडावी का पूरा समर्थन करेगा। आने वाले चरणों में पार्टी कार्यकर्ता ब्लॉक स्तर पर बूथ, मंडल और ब्लॉक अध्यक्षों से चर्चा करेंगे। नेताओं ने विश्वास जताया कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस मजबूती के साथ उभरेगी और अगली बार सत्ता में वापसी करेगी। प्रेस वार्ता में जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष लालू राठौर, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष शंकर कुड़ियम, जिला पंचायत सदस्य नीना रावतिया उद्दे, पूर्व जिला पंचायत सदस्य बसंत राव ताटी, जिला कांग्रेस प्रवक्ता ज्योति कुमार, पुरुषोत्तम खत्री सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
