दैनिक मूक पत्रिका बेमेतरा – प्रदेश भर में 15 नवंबर से प्रारंभ हुए धान खरीदी तिहार ने किसानों के जीवन में नई उम्मीदें जगाई हैं। बेमेतरा जिले के ग्राम घिवरी के परिश्रमी किसान बालेश्वर पटेल को इस बार समर्थन मूल्य पर धान बेचकर उल्लेखनीय आर्थिक लाभ प्राप्त हुआ है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में किसान कल्याण को केंद्र में रखकर बनाई गई नीतियों और पारदर्शी व्यवस्था ने खरीद प्रक्रिया को ज्यादा सरल, तेज और बिना किसी समस्या के पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। बालेश्वर पटेल बताते हैं कि ऑनलाइन टोकन व्यवस्था लागू होने के बाद खरीदी केंद्रों में भीड़भाड़ लगभग समाप्त हो गई है। इसी सुव्यवस्थित व्यवस्था के चलते उन्होंने 169 क्विंटल धान बिना किसी बाधा के बेच दिया। सरकार द्वारा निर्धारित प्रति एकड़ 21 क्विंटल खरीदी सीमा और 31 सौ रुपए प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य ने उन्हें उनकी उपज का पूर्ण सम्मान दिया। समय पर भुगतान सीधे बैंक खाते में मिलने से किसानों का विश्वास प्रशासन पर और अधिक मजबूत हुआ है।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष मिली कमाई से वे अपने खेतों के लिए उन्नत कृषि उपकरण और मशीनरी खरीदने की योजना बना रहे हैं, जिससे आगामी सीजन में उत्पादन और बढ़ेगा। साथ ही वे अपने बच्चों की उच्च शिक्षा में भी यह राशि उपयोग करना चाहते हैं, ताकि परिवार के भविष्य को बेहतर दिशा मिल सके। बालेश्वर कहते हैं कि प्रशासन की पारदर्शी व्यवस्था और खरीदी केंद्रों पर मिल रही सुविधाओं ने किसानों की कई चिंताएँ कम की हैं।
इसके अतिरिक्त, गांव के अन्य किसान भी इस वर्ष खरीदी प्रक्रिया से बेहद संतुष्ट दिखाई दे रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि खरीदी केंद्रों पर तौलाई, बोझा उतरवाने, सत्यापन एवं भुगतान तक की पूरी प्रक्रिया पहले से काफी तेज और व्यवस्थित हो गई है। मौसम को देखते हुए बनाए गए इंतजाम, लाइन व्यवस्था, पेयजल, शेड जैसी सुविधाओं ने किसानों के काम को और सरल बनाया है। इन सकारात्मक परिवर्तनों के कारण किसानों में उत्साह और विश्वास दोनों बढ़ रहे हैं, जिससे बेमेतरा जिले की कृषि व्यवस्था और अधिक मजबूत हो रही है।
