दैनिक मूक पत्रिका जांजगीर-चांपा – रेलवे स्टेशन चांपा के प्लेटफॉर्म क्रमांक-4 पर मिले अति संवेदनशील नवजात शिशु प्रकरण में महिला एवं बाल विकास विभाग ने तेजी और संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई की। कलेक्टर जन्मेजय मोहबे के निर्देश, जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती अनीता अग्रवाल के मार्गदर्शन और जिला बाल संरक्षण अधिकारी गजेंद्र सिंह जायसवाल के नेतृत्व में विभागीय टीम तुरंत सक्रिय हुई।
सूचना प्राप्त होते ही रेलवे पुलिस और चाइल्ड लाइन टीम ने संयुक्त प्रयास करते हुए लगभग 10 से 15 दिन की नवजात बालिका को सुरक्षित जिला अस्पताल जांजगीर पहुँचाया। प्रारंभिक चिकित्सा परीक्षण के बाद बालिका को बाल कल्याण समिति (CWC) के समक्ष प्रस्तुत किया गया। समिति के आदेशानुसार उसे विशेषीकृत दत्तक ग्रहण संस्थान, कोरबा में सुरक्षित संरक्षण हेतु भेजा गया।

जिला बाल संरक्षण अधिकारी गजेंद्र सिंह जायसवाल ने बताया कि नवजात बालिका की सुरक्षा, स्वास्थ्य और संरक्षण विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता में है। समय पर सूचना मिलने और समन्वित प्रयासों से बालिका को तत्काल सुरक्षित वातावरण प्रदान किया जा सका। वर्तमान में बच्ची पूरी तरह स्वस्थ है तथा आगे की कानूनी और विभागीय प्रक्रिया जारी है।
महिला एवं बाल विकास विभाग ने जिले के नागरिकों से अपील की है कि बच्चे से संबंधित किसी भी जोखिमपूर्ण या आपात स्थिति की जानकारी तुरंत विभाग या चाइल्ड लाइन को दें ताकि समय रहते संवेदनशील बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
