मूक पत्रिका रायपुर – राजधानी में लगातार बढ़ती आपराधिक घटनाओं—हत्या, लूटपाट और नशे के बढ़ते प्रचलन—को लेकर कांग्रेस ने शनिवार को जोरदार प्रदर्शन किया। बीती रात देवेन्द्रनगर क्षेत्र में अमर विश्वकर्मा की हत्या के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश देखा गया। इसी क्रम में शहर कांग्रेस अध्यक्ष कुमार शंकर मेनन के नेतृत्व में कांग्रेसी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने देवेन्द्रनगर थाना का घेराव किया।
प्रदर्शन के दौरान पूर्व विधायक कुलदीप जुनेजा, कांग्रेस नेता सुशांत डे, संजय सोनी, माधव छुरा, सेवक महानंद, गया महानंद, विजय टंडन, लक्ष्मण सेन सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद रहे। नेताओं ने राज्य सरकार पर कानून व्यवस्था पूरी तरह विफल होने का आरोप लगाते हुए कहा कि राजधानी में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और आम नागरिक खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है।
कांग्रेस नेताओं ने पुलिस प्रशासन से अमर विश्वकर्मा हत्याकांड के आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी, अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई तथा शहर में बढ़ते नशे के अवैध कारोबार पर तत्काल रोक लगाने की मांग की। इस संबंध में थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपा गया।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही अपराधों पर नियंत्रण नहीं किया गया तो कांग्रेस आंदोलन को और तेज करेगी।
