दैनिक मूक पत्रिका सोमनापुर – शासकीय हाई स्कूल सोमनापुर नया में बाल विवाह मुक्त भारत जागरूकता अभियान के तहत एक प्रभावी एवं प्रेरक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह अभियान भारत सरकार द्वारा 27 नवंबर 2024 को देशभर में लागू किया गया था, जिसका उद्देश्य स्कूलों, कॉलेजों, गांवों और शहरों सहित हर स्तर पर बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को जड़ से समाप्त करना है।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने विकसित भारत 2047 के संकल्प के अनुरूप कम उम्र में होने वाले बाल विवाह की रोकथाम तथा सभी बालिकाओं के समग्र विकास एवं सशक्तिकरण पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि समाज तभी आगे बढ़ सकता है जब हर बच्चा सुरक्षित वातावरण में शिक्षा प्राप्त करे और अपने भविष्य का निर्माण करे।
इस महत्वपूर्ण अवसर पर संस्था प्रमुख सहारुद्दीन खान, संतोष कुमार साहू, महेंद्र कुमार कंठले, योगेश कुमार गुरुदीवान, कु. ज्योति ध्रुव, श्रीमती शकुन पाटले सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। सभी ने बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता फैलाने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का संकल्प लिया।
