दैनिक मूक पत्रिका कुसमी – क्षेत्र अंतर्गत ग्राम घुटराडीह में टोनही (जादू-टोना) के शक में एक अधेड़ महिला की नृशंस हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपिया ने पड़ोस में रहने वाली महिला पर टांगी से हमला कर उसकी मौके पर ही हत्या कर दी।
घटना दिनांक 07 दिसंबर 2025 की शाम लगभग 4 बजे की है। मृतिका की पहचान श्रीमती चंद्रकली, पति केश्वर राम नगेशिया, उम्र 45 वर्ष, निवासी ग्राम घुटराडीह के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार वह अपने घर की बाड़ी में काम कर रही थी, तभी उसी गांव की एक महिला ने जादू-टोना करने के शक में अचानक उस पर टांगी से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण चंद्रकली की घटना स्थल पर ही मौत हो गई।

मामले की सूचना मिलने पर थाना कुसमी पुलिस ने अपराध क्रमांक 103/25, धारा 103(1) बी.एन.एस. के तहत प्रकरण दर्ज कर त्वरित कार्रवाई की। पुलिस ने 24 घंटे के भीतर आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपिया ने बताया कि उसके कुल 6 बच्चे थे, जिनमें से 4 बच्चों की पहले ही मौत हो चुकी थी। इसी कारण वह मृतिका पर जादू-टोना करने का शक कर रही थी।
आरोपिया के जुर्म स्वीकार करने के बाद पुलिस ने बीते सोमवार को उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
