दैनिक मूक पत्रिका बेमेतरा – नगर के वार्ड क्रमांक 15 में आज जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित कर आम नागरिकों से सीधा संवाद किया गया। इस दौरान क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए नाली निर्माण एवं आरसीसी सड़क निर्माण की आवश्यकता को लेकर स्थल निरीक्षण एवं अवलोकन किया गया।
स्थानीय नागरिकों ने वार्ड में जलनिकासी की समस्या एवं जर्जर सड़कों की स्थिति से अवगत कराते हुए शीघ्र निर्माण कार्य प्रारंभ करने की मांग रखी। नागरिकों का कहना था कि नालियों के अभाव में बरसात के दिनों में जलभराव की स्थिति बनती है, जिससे आवागमन में परेशानी होती है।
जनसंपर्क कार्यक्रम में वार्ड पार्षद श्रीमती रश्मीफड़ेन्द्र मिश्रा विशेष रूप से उपस्थित रहीं। उन्होंने नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों से समन्वय कर जल्द समाधान का आश्वासन दिया। पार्षद ने कहा कि वार्ड के समुचित एवं सतत विकास के लिए नाली एवं आरसीसी सड़क निर्माण उनकी प्राथमिकता है तथा आवश्यक प्रस्ताव शीघ्र तैयार कर आगे की कार्यवाही की जाएगी।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे। उन्होंने विकास कार्यों को लेकर सकारात्मक सुझाव दिए और जनप्रतिनिधियों द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
