दैनिक मूक पत्रिका सोमनापुर नया – शासकीय हाई स्कूल सोमनापुर नया में संविधान दिवस बड़े ही उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रभारी संस्था प्रमुख महेंद्र कुमार कंठले, व्याख्याता द्वारा बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं पूजा-अर्चना के साथ की गई।
इस अवसर पर उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि भारतीय संविधान देश की एकता, अखंडता, सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक समरसता का आधार है। उन्होंने समता, भाईचारा और सभी नागरिकों को समान अवसर मिलने की संवैधानिक व्यवस्था पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों ने कविता, गीत और कहानी प्रस्तुति द्वारा संविधान के महत्व को दर्शाया। कक्षा दसवीं की छात्राएँ कु. आरती खांडे, भानमती और अंजना साहू ने आकर्षक कविता, गीत एवं कहानी प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।
इस अवसर पर योगेश कुमार गुरुदीवान, कु. ज्योति ध्रुव मैडम सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएँ उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया गया।
संविधान दिवस के इस आयोजन में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।
