भर्ती स्थल पर अफसर द्वारा लात मारने का आरोप, जांच की उठी मांग
दैनिक मूक पत्रिका बीजापुर (आशीष पदमवार) – जिले में सीआरपीएफ भर्ती प्रक्रिया के दौरान कथित दुर्व्यवहार का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक सीआरपीएफ अफसर को एक युवक को लात मारते हुए देखा जा सकता है। बताया जा रहा है कि यह घटना एजुकेशन सिटी बीजापुर में भर्ती प्रक्रिया के दौरान की है, हालांकि वीडियो की सत्यता की आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है।
वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है। बस्तर क्षेत्र जहां एक ओर नक्सलवाद से उबरकर शांति और विकास की दिशा में बढ़ रहा है, वहीं भर्ती जैसे संवेदनशील अवसर पर आदिवासी युवकों के साथ इस तरह का व्यवहार कई सवाल खड़े कर रहा है। अब तक स्थानीय प्रशासन, पुलिस और सीआरपीएफ की ओर से इस वायरल वीडियो पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी गई है ग्रामीणों ने इस घटना की निष्पक्ष जांच की मांग की है, ताकि वास्तविकता सामने आ सके और दोषियों पर उचित कार्रवाई हो।
