

केशकाल। अड़ेगा गांव में स्थित प्राचीन शीतला माता मंदिर का भव्य उद्घाटन समारोह 20 जनवरी 2026 को श्रद्धा और उल्लास के साथ आयोजित किया जाएगा। इस ऐतिहासिक एवं धार्मिक अवसर पर क्षेत्र की 22 पाली के देवी-देवताओं की पावन उपस्थिति रहेगी, जिससे आयोजन को विशेष आध्यात्मिक गरिमा प्राप्त होगी।
उद्घाटन समारोह में बस्तर राजपरिवार के प्रतिनिधि बस्तर राजा कमलचंद भदेव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं कांकेर लोकसभा क्षेत्र के सांसद भोजराज नाग तथा क्षेत्रीय विधायक नीलकंठ भी कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगे। धार्मिक अनुष्ठानों एवं विधिवत पूजा-अर्चना का संचालन शीतल पुजारी अंकल बघेल द्वारा किया जाएगा।
इस आयोजन में ग्राम ठाकुर पारा, अड़ेगा, बाणडापारा, डोहलापारा, ऐटेकोनहाड़ी तथा बाजार पारा सहित आसपास के गांवों के श्रद्धालु बड़ी संख्या में सम्मिलित होंगे। उद्घाटन अवसर पर माता शीतला की विशेष पूजा, देवी-देवताओं की शोभायात्रा एवं पारंपरिक लोक अनुष्ठानों का आयोजन किया जाएगा।
आयोजन समिति के अनुसार यह समारोह न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक होगा, बल्कि क्षेत्र की सांस्कृतिक एकता और परंपराओं को सुदृढ़ करने का भी कार्य करेगा। ग्रामवासियों में इस भव्य आयोजन को लेकर विशेष उत्साह एवं तैयारी का माहौल बना हुआ है।
