मूक पत्रिका जगदलपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए 3 आईएएस अधिकारियों का तबादला किया है। 2017 बैच के आईएएस अधिकारी आकाश छिकारा को बस्तर जिले का नया कलेक्टर बनाया गया है। आकाश छिकारा वर्तमान में आवास एवं पर्यावरण विभाग में संयुक्त सचिव के पद पर पदस्थ थे। साथ ही वे रायपुर विकास प्राधिकरण और नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण में अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे थे। सामान्य प्रशासन विभाग ने आदेश जारी किया है। वे बस्तर कलेक्टर हरीश एस. की जगह पदभार ग्रहण करेंगे। आकाश छीकरा ने गरियाबंद जिले के कलेक्टर के रूप में अपनी एक अलग पहचान बनाई है। कलेक्टर आकाश छिकारा नवाचार के लिए जाने जाते हैं, उनके काम करने का तरीका काफी अलग है। वे नागरिकों की सुविधा के हिसाब से स्वयं ही योजनाएं बनाते हैं, और उसे लागू भी करते हैं। उनके इन योजनाओं की प्रशंसा सरकार द्वारा भी की जा चुकी है।
आकाश छीकरा इससे पूर्व दंतेवाड़ा में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं, इस दौरान उन्हाेने बिहान स्व सहायता समूह की महिलाओं के लिए बीजापुर नेशनल हाइवे के किनारे गौठन ढाबा की शुरुआत की। इसके अलावा गांव के लोगों की आय बढ़ाने के लिए मनरेगा के तहत उन्होंने अच्छा काम किया और मनरेगा के तहत काम देने के मामले में दंतेवाड़ा जिला वर्ष 2021-22 में टॉप पर रहा। इसके अलावा स्थानीय लोगों की आय बढ़ाने के लिए कई नावाचार किए । दंतेवाड़ा में बहुतायत में पाए जाने वाले महुआ को प्रोसेस करवा कर पहली बार बिस्किट, लड्डू और हलवा बनवाए गए थे। इसके साथ ही इमली का सॉस और कई तरह के वनोपज को नए तरीके से मार्केट में प्रेजेंट कर आय के स्रोत बढ़ाए गए। आकाश छिकारा के पोस्टिंग के दौरान यहां पर ग्राम सुपोषण केंद्र की स्थापना भी की गई थी।
वहीं 2009 बैच की आईएएस अधिकारी किरण कौशल को समग्र शिक्षा के आयुक्त के पद पर पदस्थ किया गया है। इसके साथ ही उन्हें प्रबंध संचालक, छत्तीसगढ़ पाठ्य पुस्तक निगम का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। 2009 बैच के आईएएस अधिकारी अवनीश कुमार शरण को रायपुर विकास प्राधिकरण (RDA) के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) का अतिरिक्त दायित्व दिया गया है।
